
चूरू/नवलगढ़.
कस्बे में नाहरसिंह पार्क के पास स्थित एक दुकान पर कपड़े खरीदने आई महिला के शुक्रवार को दिनदहाड़े 20 हजार 500 रुपए चोरी हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस महिला से घटना की जानकारी लेने के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज में एक संदिग्ध किशोर दुकान में महिला के पास बैठा हुआ नजर आ रहा है।
पीड़िता नवलगढ़ के घूमचक्कर निवासी रुकेश देवी ने बताया कि शुक्रवार को उसने अपनी मां देलसर कला की तुलसी देवी के एसबीआइ बैंक के खाते से 20 हजार रुपए निकलवाए थे। एक थैले में 20 हजार 500 रुपए रखकर वह तथा उसकी मां कस्बे के नाहरसिंह पार्कके पास श्रीराम प्लाजा में एक कपड़े की दुकान पर खरीदारी करने पहुंची।
इस दौरान दुकान में अपने पैर के पास रुपए के थैले को रखकर कपड़े खरीदने लग गई। इस बीच पास ही बैठा एक संदिग्ध किशोर रुपए का थैला चुरा कर ले गया। कुछ देर बाद उसने थैले को संभाला तो थैला गायब मिला। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़िता से घटना की जानकारी ली। साथ ही सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी पुलिस ने देखे। फुटेज में एक संदिग्ध किशोर महिला के पास बैठा हुआ नजर आ रहा है। किशोर कुछ देर बाद वहां से जाता हुआ भी दिखाई दे रहा है।