चूरू जिले की सभी पंचायत समिति, नगरीय क्षेत्र एवं ग्राम पंचायतों में प्रस्तावित 70 बाल आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्रों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। आधार ऑपरेटर बनने के इच्छुक लोग ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
चूरू। जिले में बाल आधार नामांकन और अद्यतन कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिले की सभी पंचायत समितियों, नगरीय क्षेत्रों और ग्राम पंचायतों में प्रस्तावित 70 बाल आधार नामांकन एवं अपडेट केंद्रों के संचालन हेतु बाल आधार नामांकन ऑपरेटरों की ऑनबोर्डिंग के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला आधार समिति की अध्यक्ष एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर अर्पिता सोनी ने बताया कि इन केंद्रों पर बच्चों के आधार नामांकन और अपडेट से जुड़े कार्य किए जाएंगे। इसके लिए रजिस्ट्रार, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के अधीन नामांकन एजेंसी राजकॉम इन्फो सर्विसेज लिमिटेड द्वारा चयनित ऑपरेटरों को यूआईडीएआई, नई दिल्ली के आधार पंजीकरण एवं अपडेट विनियम-2016 के अनुसार आवश्यक आईडी और क्रेडेंशियल जारी किए जाएंगे।
जिला आधार समिति के सदस्य सचिव एवं डीओआईटी के संयुक्त निदेशक नरेश टुहानिया ने जानकारी दी कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से जीटूसी में राजआधार पोर्टल पर 20 अप्रेल से 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। केवल निर्धारित समय सीमा में प्राप्त ऑनलाइन आवेदन ही मान्य होंगे, जबकि त्रुटिपूर्ण या अधूरे आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे। अंतिम चयन जिला आधार समिति द्वारा मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आवेदनकर्ता के पास सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग से संबंधित नवीनतम एनएसईआईटी यूआईडीएआई परीक्षा का वैध प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है, जो एक्सपायर नहीं हुआ हो। किसी भी प्रकार के ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, आरक्षण श्रेणी, वैवाहिक स्थिति और निवास से संबंधित सभी जानकारी मूल दस्तावेजों के अनुसार सही-सही भरनी होगी तथा आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा। यदि किसी भी स्तर पर गलत जानकारी या फर्जी दस्तावेज पाए जाते हैं, तो संबंधित अभ्यर्थी का चयन निरस्त किया जा सकता है, चाहे वह चयन प्रक्रिया के दौरान हो या चयन के बाद।
चयनित ऑपरेटरों को केंद्र सक्रिय होने के 15 दिनों के भीतर अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से राजआधार पोर्टल पर 50 हजार रुपये की पेनल्टी सिक्योरिटी राशि राजकॉम्प जयपुर के खाते में ऑनलाइन जमा करनी होगी। साथ ही बाल आधार नामांकन के लिए आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था भी ऑपरेटर को स्वयं करनी होगी। पात्रता, शर्तें और अन्य विस्तृत जानकारी जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।