11 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चूरू की प्रतिभा स्नेहा सिद्ध का कमाल : बॉलीवुड से इंटरनेशनल सिनेमा तक बनाई पहचान, अब सलमान खान और संजय दत्त के साथ आएगी नजर

चूरू की यह बेटी आज न सिर्फ अपने जिले बल्कि पूरे राजस्थान का नाम रोशन कर रही है और युवाओं के लिए प्रेरणा बनती जा रही है।

3 min read
Google source verification

चूरू. राजस्थान का चूरू जिला हमेशा से प्रतिभाओं की धरती रहा है और यहां से कई हस्तियों ने बॉलीवुड और ग्लैमर वर्ल्ड में अपनी पहचान बनाई है। इसी कड़ी में अब चूरू जिले के बीदासर तहसील के छोटे से गांव पारेवड़ा की बेटी स्नेहा सिद्ध भी तेजी से उभरता हुआ नाम बन चुकी हैं। साधारण परिवार से आने वाली स्नेहा सिद्ध का सफर संघर्ष, मेहनत और परिवार के सहयोग का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा सैनिक स्कूल लाडनूं से प्राप्त की, जबकि कॉलेज की पढ़ाई सावित्री कॉलेज, अजमेर वर्तमान में जीसीए से पूरी की। पढ़ाई में वे शुरू से ही होनहार रहीं। साथ ही उन्होंने एनसीसी की 2 राज नेवल विंग, अजमेर से ‘सीसर्टिफिकेट’ ए ग्रेड के साथ प्राप्त किया।

स्नेहा के पिता खिराजनाथ सिद्ध तांडी ने उनके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्नेहा बताती हैं कि उनके माता-पिता ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। खास बात यह रही कि उनके पिता ने उन्हें बेटी नहीं बल्कि बेटे की तरह पाला, जिससे उनमें आत्मविश्वास और साहस बचपन से ही विकसित हुआ। बचपन से ही स्नेहा को एक्टिंग-डांस का शौक था और वे छोटी उम्र से ही मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने लगी थीं। वे सिर्फ अभिनय ही नहीं बल्कि फिल्म लेखन में भी रुचि रखती हैं और इस क्षेत्र में भी काम कर रही हैं। इसके अलावा वे बचपन से ही कार, बाइक और ट्रैक्टर चलाना जानती हैं, जो उनके व्यक्तित्व की अलग पहचान बनाता है।

मॉडलिंग की शुरुआत उन्होंने 2017 में ‘खादी मिस इंडिया’ से की, जिसके बाद 2018 में ‘श्रेया मिस इंडिया’ में भाग लेकर अपनी पहचान मजबूत की। इसके बाद उन्होंने वीणा म्यूजिक के साथ कई राजस्थानी हिट गानों-‘काली पीली बादली’, आदि में काम किया। इसके बाद उन्होंने सोनोटेक के लिए ‘तेराफैन’ गाना किया और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में ‘प्यारकरदी’ से कदम रखा। ‘दिल से दिल’ हिंदी गाना और रवि देओल के साथ पंजाबी गीत ‘रवाना’ भी उनके करियर के अहम पड़ाव रहे हैं।

साल 2025 में स्नेहा ने अपना खुद का म्यूजिक लेबल ‘मूनलाइटमेलोबिट्स’ शुरू किया, जिसके तहत उन्होंने ‘नवीनार’ गाना रिलीज किया जिसमें एक्टर पीयूष शर्मा के साथ काम किया। 2022 से उन्होंने इंटरनेशनल रैंप शो में हिस्सा लेना शुरू किया और 2023 में जिम्बाब्वे में आयोजित टी-10 लीग में सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में भी नजर आईं।

हॉलीवुड प्रोजेक्ट में भी मिली बड़ी सफलता
स्नेहा सिद्ध अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रही हैं। वे जल्द ही सऊदी अरब की मेगा बजट एक्शन फिल्म ‘7डॉग्स’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में वे बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) और संजय दत्त (Sanjay Dutt) के साथ स्क्रीन शेयर करती दिखेंगी। फिल्म में हॉलीवुड अभिनेत्री मोनिका बेलुसी भी अहम भूमिका में हैं। इस फिल्म को अरबी सिनेमा की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी फिल्मों में गिना जा रहा है।

संघर्ष से सफलता तक का सफर
पारेवड़ा गांव से निकलकर जयपुर पहुंचीं स्नेहा को शुरुआत में मॉडलिंग की कोई जानकारी नहीं थी। दोस्तों की सलाह पर उन्होंने इंटरनेट के जरिए जानकारी जुटाई और ‘खादी मिस राजस्थान’ से अपने करियर की शुरुआत की। जयपुर के रविंद्र मंच पर थिएटर निर्देशक साबिर खान के साथ एक साल तक काम कर उन्होंने अभिनय की बारीकियां सीखी।

इसके बाद उन्होंने म्यूजिक एलबम और सोशल मीडिया के जरिए अपनी पहचान बनाई और फिर मुंबई का रुख किया। आज वे टीवी विज्ञापनों, फैशन शूट्स और फिल्मों में लगातार सक्रिय हैं। स्नेहा सिद्ध (Sneha Sidh) का मानना है कि अगर परिवार का साथ और खुद पर विश्वास हो, तो कोई भी सपना अधूरा नहीं रहता। चूरू (Churu) की यह बेटी आज न सिर्फ अपने जिले बल्कि पूरे राजस्थान का नाम रोशन कर रही है और युवाओं के लिए प्रेरणा बनती जा रही है।