
Churu : सरदारशहर (चूरू). क्षेत्र के देगा गांव निवासी भारतीय सेना के जवान मनीराम नायक के असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई। भारतीय सेना की 19 पंजाब यूनिट में तैनात मनीराम वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में सेवाएं दे रहे थे। हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। मंगलवार सुबह 8 बजे राजकीय उप जिला अस्पताल से तिरंगा यात्रा रवाना होगी, जो शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई उनके पैतृक गांव देगा पहुंचेगी। वहां राजकीय सम्मान से उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनीराम दीपावली की छुट्टियों पर गांव आए हुए थे। छुट्टी पूरी होने के बाद उन्हें ड्यूटी पर लौटना था, लेकिन तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सरदारशहर (चूरू) के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉ. रणवीर भांभू की देखरेख में उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। हृदय गति रुकने को निधन का कारण बताया गया है।
जवान के भाई समुद्र नायक ने बताया कि मनीराम वर्ष 2012 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वे पांच भाइयों में से एक थे और परिवार में दो बहनें भी हैं। उनके आठ वर्ष की एक बेटी है। जवान के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मंगलवार सुबह 8 बजे राजकीय उप जिला अस्पताल से जवान की पार्थिव देह के साथ तिरंगा यात्रा रवाना होगी। यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होकर देगा गांव पहुंचेगी। इसके बाद गांव में सैन्य एवं राजकीय सम्मान से उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। देश की सेवा में समर्पित रहे जवान मनीराम नायक के अंतिम दर्शन और विदाई के लिए गांव सहित आस-पास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। उनके असामयिक निधन से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।