चूरू

Churu Crime : पंचायत चुनाव में वोट के बहाने घर से बुलाया, सुबह अस्पताल में मिला युवक का शव, गांव में फैली सनसनी

Churu Crime : सादुलपुर (चूरू). पंचायत चुनाव में वोट की बात कहकर घर से बुलाया और फिर ऐसी वारदात सामने आई कि परिवार की खुशियां मातम में बदल गई।
3 min read
• •
Updated: 31 Oct 2026, 5:11 PM IST
churu sadulpur sunil died under suspicious circumstances one arrested
Churu Crime : सादुलपुर. मृतक युवक के परिजनों से घटना के बारे में जानकरी लेती पुलिस। फोटो पत्रिका

Churu Crime : सादुलपुर (चूरू). पंचायत चुनाव में वोट की बात कहकर घर से बुलाया और फिर ऐसी वारदात सामने आई कि परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। सादुलपुर मृतक सिद्धमुख थाना क्षेत्र के गांव ढाणी बड़ी में 24 वर्षीय युवक सुनील की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला है। मृतक के परिजनों ने गांव के ही पड़ोसी पिता-पुत्र सहित कई लोगों पर घर में बंधक बनाकर बेरहमी से मार-पीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने एक आरोपी को डिटेन कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रात को घर से बुलाकर ले गया पड़ोसी

चूरू के सिधमुख सादुलपुर थानाधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार रात करीब डेढ़ बजे सूचना मिली कि एक युवक किसी के घर में घुस आया है और उसे पकड़कर बांध रखा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके घर पहुंची तो युवक घायल अवस्था में मिला। उसके शरीर पर मारपीट के निशान थे। पुलिस उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

थानाधिकारी के अनुसार मृतक और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। मृतक के भाई विकास कुमार ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 29 और 30 अक्टूबर की मध्यरात्रि करीब पौने चार बजे उसके फूफा पवन कुमार का फोन आया। सुनील के साथ गांव के भरतसिंह पुत्र भागाराम और भागाराम ने अपने घर पर मारपीट की है। गंभीर चोटें आने पर पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई है। विकास कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर वह सुबह करीब सात बजे गांव ढाणी बड़ी पहुंचा। वहां उसे भाई की मौत होने की जानकारी मिली।

दादी ने बताई रात की पूरी कहानी

रिपोर्ट के अनुसार मृतक की दादी रेशमा ने बताया कि रात करीब 11 बजे वह और सुनील घर पर लेटे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने घर का दरवाजा खटखटाया। सुनील ने गेट खोला तो बाहर पड़ोसी भरतसिंह खड़ा था। उसने कहा कि चुनाव चल रहे हैं और वोट के सिलसिले में उसके पिता ने उसे बुलाया है। इसके बाद सुनील उसके साथ चला गया। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की।

पिता-पुत्र सहित कई लोगों पर आरोप

विकास कुमार ने आरोप लगाया कि भरतसिंह और उसके पिता भागाराम ने अपने घर पर सुनील के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। रिपोर्ट में महेंद्र धानक, मनोज पत्नी भरतसिंह धानक, घोलू धानक, बरकत सिंह धानक, झिड़ाराम धानक और भंवर सिंह पुनियां सहित तीन-चार अन्य लोगों पर भी भरतसिंह और उसके पिता को उकसाकर हत्या करवाने का संदेह जताया है।

एक साल पहले भी दी थी जान से मारने की धमकी

मृतक के भाई ने रिपोर्ट में बताया कि करीब एक वर्ष पहले भी भरतसिंह और अन्य लोगों ने उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी थी। इस संबंध में पुलिस थाने में पहले भी रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और सभी नामजद लोगों की भूमिका की पड़ताल कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

थानाधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने युवक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में एक आरोपी को डिटेन किया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस घटना के सभी पहलुओं, पुरानी रंजिश और आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है।

एक आरोपी को पुलिस ने डिटेन किया

मामले में मृतक सुनील के भाई विकास की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामले में एक आरोपी को पुलिस ने डिटेन भी किया है। शीघ्र ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई करेंगे।
धर्मेंद्र सिंह थानाधिकारी सिधमुख सादुलपुर चूरू

Updated on:
31 Oct 2026, 5:11 PM IST
Published on: