
Churu: घायल एएसआइ महेंद्र कुमार (फोटो-पत्रिका)
चूरू। जिले में एक परिवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सादुलपुर क्षेत्र के लुटाणा खुर्द गांव में पूछताछ के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिसकर्मियों को कथित तौर पर नीचे गिराकर लात-घूंसों से पीटा गया। घटना में एएसआई महेंद्र कुमार और हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार घायल हो गए। आरोप है कि मारपीट के दौरान दोनों की वर्दी भी फट गई। पुलिस ने एएसआई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी राजेश सिहाग के अनुसार, एएसआई महेंद्र कुमार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 29 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12:02 बजे वह पुलिस जाब्ते के साथ सरकारी बोलेरो से गश्त पर निकले थे। इसके बाद सुरतपुरा निवासी इकबाल पुत्र सराजू मिरासी की ओर से रमेश और अन्य लोगों के खिलाफ दिए गए परिवाद की जांच के लिए पुलिस टीम लुटाणा खुर्द गांव पहुंची। यहां विजेंद्र उर्फ गोलू और संदीप स्वामी से पूछताछ की जा रही थी। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों नाराज हो गए और आवाज लगाकर अपने परिजनों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में वहां कई लोग एकत्रित हो गए।
दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि विजेंद्र उर्फ गोलू और संदीप स्वामी मकान के अंदर चले गए और अपने परिजनों को पुलिसकर्मियों से मारपीट करने के लिए उकसाने लगे। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने राजनीतिक पहुंच का हवाला देते हुए पुलिसकर्मियों की वर्दी उतरवाने और नौकरी नहीं करने देने की धमकी भी दी। इसके बाद एएसआई महेंद्र कुमार और हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार को नीचे गिराकर लात-घूंसों से मारपीट की गई। इस दौरान दोनों की वर्दी फट गई। एएसआई महेंद्र कुमार के हाथ सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं, जबकि हेड कांस्टेबल भी घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस का आरोप है कि अतिरिक्त बल को देखकर विजेंद्र उर्फ गोलू और संदीप स्वामी भीड़ का फायदा उठाकर मकान के पीछे से फरार हो गए। बाद में पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश दी और घायल पुलिसकर्मियों को थाने भिजवाया। एएसआई महेंद्र कुमार की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है।
Updated on:
29 Oct 2026, 9:09 PM IST
Published on:
29 Oct 2026, 9:09 PM IST
बड़ी खबरें
View Allचूरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.