Churu Youth Suicide: सरदारशहर में 28 वर्षीय युवक ने अपने ही घर की छत पर बने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
चूरू। जिले के सरदारशहर कस्बे में एक युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। वार्ड संख्या 50 स्थित रेगर बस्ती में 28 वर्षीय युवक ने अपने ही घर की छत पर बने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर राजकीय उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बाद में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में मृतक के पिता गिगराज पुत्र डूंगरमल रेगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र राकेश रेगर पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। परिवार के लोग उसे समझाने का प्रयास भी कर रहे थे, लेकिन वह अक्सर तनाव में रहता था।
रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को गिगराज रोज की तरह मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। उस समय घर पर उनका पुत्र राकेश ही मौजूद था। इसी दौरान मंगलवार शाम करीब चार बजे राकेश घर की छत पर बने कमरे में चला गया और वहां पंखे के हुक से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
कुछ देर बाद राकेश का भाई अनिल घर पहुंचा। उसने जब राकेश को ढूंढा तो वह दिखाई नहीं दिया। तलाश करते हुए जब वह छत पर बने कमरे में पहुंचा तो वहां राकेश पंखे के हुक से फांसी के फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और तुरंत अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके साथ ही पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया।
एसआई ओमप्रकाश यादव ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक द्वारा आत्महत्या करने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।