
अंतिम यात्रा में शामिल ग्रामीण। फोटो- पत्रिका
छापर। कस्बे के रतनगढ़ रोड लिंक रोड पर स्थित डेजर्ट रिसोर्ट के पास सोमवार को ट्रक और बाइक की आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर में तीन युवकों की मौत के बाद मंगलवार को गमगीन माहौल में तीनों मृतकों भागीरथ (26) पुत्र श्रवणराम, सांवरमल (23) पुत्र टिकुराम और बीरबलराम (22) पुत्र गोगाराम, निवासी वार्ड नंबर 22, होली धोराका का अंतिम संस्कार किया गया। पूरे कस्बे में शोक की लहर छा गई और माहौल बेहद भावुक हो गया।
यह वीडियो भी देखें
कस्बे से एक साथ उठी तीन अर्थियों को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए और परिजनों को सांत्वना दी। लोगों ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख जताया। मृतक बीरबलराम के भाई विनोद पुत्र गोगाराम की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीनों शवों को राजकीय बगड़िया चिकित्सालय, सुजानगढ़ की मोर्चरी में रखवाया गया था, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
गौरतलब है कि सोमवार को डेजर्ट रिसोर्ट के पास ट्रक और बाइक के बीच भीषण भिड़ंत हो गई थी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार तीनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही सीआई इन्द्रलाल और सीओ नेमीचंद मय जाब्ता मौके पर पहुंचे।
घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से तुरंत राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहां से चारों को हाई सेंटर रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। घायल का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सांवरमल अपने परिवार का इकलौता पुत्र था और उसकी शादी महज छह माह पहले ही हुई थी। उसके पिता की करीब 15-16 वर्ष पूर्व विदेश में मृत्यु हो चुकी थी। वहीं, भागीरथ चार भाइयों में सबसे छोटा था और उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बीरबलराम भी तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसके पिता भी मजदूरी का कार्य करते हैं। घायल ईश्वर का इलाज जयपुर में चल रहा है। बताया जा रहा है कि ट्रक में एफसीआई का गेहूं भरा हुआ था। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
Published on:
07 Apr 2026 06:47 pm
बड़ी खबरें
View Allचूरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
