चूरू संभाग को 18012 अभ्यर्थियों का आंवटन दस्तावेज सत्यापन के लिए हुआ है जिसके क्रम में प्रति दिन 750 अभ्यर्थियों के दस्तावेज की जांच व सत्यापन कार्य किया जाएगा। प्रत्येक दल को एक दिन में 25 अभ्यर्थियों का लक्ष्य दिया गया है।
चूरू. चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती 2024 (Class IV Employees Recruitment 2024) पात्रता जांच तथा दस्तावेज सत्यापन का कार्य 11 मार्च से शुरू होगा। संयुक्त निदेशक शिक्षा संभाग चूरू के निर्देशन में चूरू के राजकीय गोपीराम गोयनका राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सत्यापन की प्रक्रिया चलेगी। संयुक्त निदेशक संगीता मानवी के बताया कि दस्तावेज सत्यापन के लिए 30 दल गठित किए गए है जिसमें प्राचार्य स्तर के कार्मिक को दल प्रभारी बनाया गया है।
चूरू संभाग को 18012 अभ्यर्थियों का आंवटन दस्तावेज सत्यापन के लिए हुआ है जिसके क्रम में प्रति दिन 750 अभ्यर्थियों के दस्तावेज की जांच व सत्यापन कार्य किया जाएगा। प्रत्येक दल को एक दिन में 25 अभ्यर्थियों का लक्ष्य दिया गया है। प्रथम दिन दिव्यांग अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन व पात्रता जांच होगी इसके बाद शेष अभ्यर्थियों की पात्रता जांच व दस्तावेज सत्यापन होगा।
सात चरण में होगा कार्यक्रम-
प्रथम चरण -11 से 14 मार्च
द्वितीय चरण-16 से 19 मार्च
तृतीय चरू- 23 से 25 मार्च
चतुर्थ चरण- 27 से 28 मार्च
पंचम चरण - 30 मार्च
छठवां चरण- 1 से 2 अप्रैल
सप्तम चरण- 6 से 11 अप्रैल व 13 व 15अप्रैल
अभ्यर्थियों के लिए जारी किए निर्देश
अभ्यर्थियों के लिए जारी किए गए निर्देशों के क्रम में दस्तावेज सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को मूल आवेदन पत्र, विस्तृत आनलाइन आवेदन सह परिनिरीक्षा प्रपत्र ( स्क्रूटनी फार्म) की दो प्रतियां स्वयं हस्ताक्षरित अपलोड किए शैक्षणिक, प्रशैक्षणिक दस्तावेज , निवास व जाति प्रमाण पत्र ,शपथ पत्र, दो रंगीन पासपोर्ट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज के दो सेट को फाइल कवर में नत्थी करना है। समस्त आवश्यक दस्तावेज की मूल प्रतियां भी साथ मे लानी है। अन्य जानकारी के लिए विभाग की वेबसाईट को देखा जा सकता है।
विभिन्न समितियों का किया गठन
दस्तावेज सत्यापन व पात्रता जांच कार्य में दिशानिर्देश के लिए संयुक्त निदेशक की अध्यक्षता में चार सदस्यों की प्रबोधन समिति, तीन सदस्यों की मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में परिवेदना समिति, खेल समिति, प्राचार्य स्तर के अधिकारियों की अध्यक्षता में अनुशासन समिति, सामान्य व्यवस्था समिति, रजिस्ट्रेशन समिति व महिला व पुरुष हेल्प डेस्क का गठन किया गया है।
यह रहेगी प्रवेश की व्यवस्था
अभ्यर्थियों को समय पर पहुंच कर प्रवेश टोकन लेना होगा और बारी आने पर अंदर प्रवेश कर बायोमेट्रिक करवाते हुए रजिस्ट्रेशन काउंटर पर जाकर दस्तावेज सत्यापन के पहले से तैयार टोकन प्राप्त कर आवंटित टेबल पर दस्तावेज सत्यापन के उपस्थित होना है।
संबंधित विभाग को करवाया अवगत
कार्यक्रम अनुसार 2000 से अधिक व्यक्तियों के आवागमन को देखते हुए यातायात तथा कानून व्यवस्था के लिए जिला पुलिस अधीक्षक चूरू, चल शौचालय व पीने के मीठे पानी के लिए आयुक्त नगर परिषद चूरू, बिजली की निर्बाध आपूर्ति के लिए अधीक्षण अभियंता जोधपुर विद्युत वितरण निगम चूरू को पत्र मेल कर अवगत करवा दिया गया है।