
सादुलपुर. भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से संचालित महिला हॉकी केंद्र गाजूवास तारानगर में गत तीन वर्षों से महिला हॉकी खेल के क्षेत्र में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर सराहनीय प्रदर्शन किया गया है। कोच नंदकुमार ने बताया कि इसी प्रदर्शन के आधार पर सांसद राहुल कस्वा एवं तारानगर विधायक नरेन्द्र बुडानिया के प्रयासों से भारत सरकार के खेल मंत्रालय ने महिला हॉकी केंद्र गाजूवास को खेलो इंडिया गैर आवासीय योजना में शामिल कर राजस्थान में पहला महिला हॉकी खेलो इंडिया का केंद्र बनाकर क्षेत्र का मान-सम्मान बढ़ाया है।
मिलेगी सुविधाएं
खेलो इंडिया केंद्र के स्थापित होने से तीस हॉकी खिलाडिय़ों को खेल छात्रवृत्ति, खेल पोषक, खेल उपकरण, बीमा तथा आधुनिक प्रकार की खेल प्रशिक्षण सुविधा भारत सरकार के खेल मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी। संबंधित स्कूल को पांच लाख रुपए का वार्षिक अनुदान भारत सरकार के खेल मंत्रालय की ओर से दिया जाएगा। इस योजना में क्रियान्वयन एवं मार्गदर्शन भारतीय खेल प्राधिकरण वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक नंद कुमार शर्मा, समस्त महिला हॉकी खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक गाजूवास तथा हॉकी चूरू के अध्यक्ष मोहम्मद युसुफ चौहान, ओम सैनी, शेखर पांडिया, किशन गर्ग तथा भरत का विशेष योगदान रहा।