चूरू

Churu: बारात में दूल्हे के बड़े भाई और फोटोग्राफर की दर्दनाक मौत, मातम में बदली शादी की खुशियां

Car Overturned In Churu: चूरू जिले में बारात के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बारात के पीछे चल रही कार अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिससे दूल्हे के बड़े भाई और एक फोटोग्राफर की मौत हो गई।
2 min read
Mar 11, 2026
Churu Accident
दूल्हे का मृतक भाई और कार की फोटो: पत्रिका

Groom's Brother Died In Baarat: चूरू जिले के बीदासर क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूल्हे के बड़े भाई सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बारात के पीछे चल रही कार अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिससे शादी वाले घर की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।

बारात के पीछे चल रही थी कार

जानकारी के अनुसार बीदासर के पास ढाणी स्वामीयान के जाखड़ों की ढाणी निवासी चेतनराम जाखड़ के दो बेटों की शादी थी। मंगलवार को उनके बेटे अशोक की बारात गांव से प्रेमनगर आलसर के लिए रवाना हुई थी। बारात के पीछे एक कार भी चल रही थी, जिसमें दूल्हे का बड़ा भाई सुरेश कुमार, नागौर के रामसरा निवासी चिंटू (17) और फोटोग्राफर नरेश कुमार सवार थे।

रास्ते में ढाणी कुम्हारान के पास अचानक कार चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।

दूल्हे के भाई की मौके पर ही मौत

हादसे में दूल्हे के बड़े भाई सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को राजकीय टांटिया सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सुरेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। सुरेश कुमार नागौर जिले के अजबपुरा में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।

वहीं हादसे में घायल चिंटू और फोटोग्राफर नरेश कुमार को गंभीर हालत में सुजानगढ़ के हाई सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान नरेश कुमार की भी मौत हो गई, जबकि चिंटू का इलाज जारी है।

मातम में बदली शादी की खुशियां

हादसे की खबर जैसे ही परिवार और गांव में पहुंची, शादी वाले घर में कोहराम मच गया। परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। दरअसल मृतक सुरेश कुमार के भाई चंद्रप्रकाश की शादी बुधवार को होनी है, जिसकी बारात छापर जाने वाली थी।

Updated on:
11 Mar 2026 11:23 am
Published on:
11 Mar 2026 11:17 am