चूरू

Kanika Singh: ‘ससुर साहब का जादू चला…’ जिला प्रमुख बनने के बाद क्या बोलीं कनिका सिंह? राजेंद्र राठौड़ को लेकर दिया बड़ा बयान

Churu Zila Pramukh: 17 सीटों के बावजूद भाजपा ने चूरू में जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल कर सबको चौंका दिया। जीत के बाद कनिका सिंह ने ससुर राजेंद्र राठौड़ को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसकी सियासी गलियारों में खूब चर्चा हो रही है। आखिर 21 सीटों वाली कांग्रेस बहुमत के बावजूद कैसे पिछड़ गई और अब जिला प्रमुख से चूरू के लोगों को क्या उम्मीदें हैं? पढ़ें पूरी खबर।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 10:23 PM IST
Kanika Singh
Kanika Singh: चूरू की नवनिर्वाचित जिला प्रमुख कनिका सिंह (फोटो-पत्रिका)

चूरू। जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल करने के बाद भाजपा की कनिका सिंह का पहला बयान अब चर्चा में है। पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू कनिका सिंह ने अपनी जीत को लेकर कहा- 'ससुर साहब का जादू चला है, तभी तो 17 सीट के बावजूद 22 वोट मिले।' उनके इस बयान के बाद एक बार फिर चूरू जिला प्रमुख चुनाव में हुए सियासी उलटफेर और राजेंद्र राठौड़ की रणनीति की चर्चा तेज हो गई है। जीत के बाद कनिका सिंह और राजेंद्र राठौड़ के समर्थकों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी, पटाखे फोड़े और ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया।

जिला प्रमुख बनने के बाद कनिका सिंह ने चूरू की जनता और पार्टी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह चूरू परिवार का हृदय की गहराइयों से धन्यवाद और आभार व्यक्त करती हूं। भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार में उनकी प्राथमिकता जिले के प्रत्येक गांव और ढाणी तक विकास की रोशनी पहुंचाना रहेगी। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने और हर वर्ग को समृद्ध एवं सशक्त बनाने के लिए वह पूरी निष्ठा से काम करेंगी।

17 सीटों वाली भाजपा ने 22 वोट हासिल कर पलटा खेल

चूरू जिला प्रमुख का चुनाव भाजपा के लिए बड़ी राजनीतिक जीत के रूप में सामने आया। जिला परिषद की कुल 39 सीटों में कांग्रेस ने 21, भाजपा ने 17 और माकपा ने एक सीट पर जीत दर्ज की थी। इस लिहाज से कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत था, जबकि भाजपा बहुमत के आंकड़े से तीन सीट पीछे थी। इसके बावजूद मतदान में भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह को 22 वोट मिले और कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश बुडानिया को हार का सामना करना पड़ा। चुनाव में क्रॉस वोटिंग ने पूरा समीकरण बदल दिया। कांग्रेस के चार सदस्यों की ओर से पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान नहीं किए जाने की बात सामने आई। इस तरह भाजपा ने बहुमत के आंकड़े से पीछे होने के बावजूद जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया।

यह वीडियो भी देखें :

समर्थकों ने मनाया जश्न, सड़कों पर दिखा उत्साह

कनिका सिंह की जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और राजेंद्र राठौड़ के समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। मिठाइयां बांटी गईं, पटाखे फोड़े गए और ढोल-नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की। समर्थकों ने इसे राजेंद्र राठौड़ की राजनीतिक रणनीति की जीत बताया। चुनाव से पहले दोनों प्रमुख दलों ने अपने-अपने जिला परिषद सदस्यों की बाड़ाबंदी भी की थी, लेकिन मतदान के दिन बदले समीकरण ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया।

अब विकास और सामाजिक समरसता की चुनौती

जिला प्रमुख बनने के बाद कनिका सिंह से लोगों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। उन्हें बधाई देने के साथ लोगों ने सलाह दी है कि वह राजेंद्र राठौड़ के संस्कारों, विचारों और राजनीतिक दूरदर्शिता को अपनाते हुए चूरू को अपना परिवार मानकर काम करें। लोगों का कहना है कि जिले में जातिगत खाई और राजनीतिक कटुता को कम करने की दिशा में भी उन्हें पहल करनी चाहिए। राहुल कस्वां, गोविंद सिंह डोटासरा और नरेंद्र बुढ़ानिया सहित अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं के नेताओं के बीच संवाद और भाईचारे का माहौल बनाने की जरूरत जताई गई है।