जिले के कुछ इलाकों में आंधी के बाद बूंदाबांदी हुई। इससे लोगों को पड़ रही भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली। लोगों का कहना था कि बारिश हो जाए तो गर्मी से राहत मिलेगी।
चूरू. पुरुषोत्तम माह ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की अष्टमी पर एक बार फिर मौसम की रंगत बदली। सप्तमी तपने के बाद अष्टमी के दिन हालांकि न्यूनतम तापमापी पारा उछला लेकिन आर्द्रता 44 प्रतिशत रहने से सुबह गर्मी थोड़ी नरम पड़ी। सुबह धूप खिली और दिन के प्रथम प्रहर तक तावड़े में तेजी रही। दोपहर आते आते आसमान में बादल छाए। बादलो की आवाजाही रही फिर भी सूर्यदेव के मिजाज आक्रामक रहे।
मौसम में बदलाव के संकेत
अंचल में सूर्योदय के बाद बदलाव के संकेत मिले और मौसम विभाग ने सुबह 8.10 बजे मौसम का यलो अलर्ट जारी किया। जिसमें हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं और सीकर आदि क्षेत्रों में कहीं कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएं चलने की संभावना बताई गई। दोपहर 12.40 बजे मौसम केंद्र की ओर से जारी अलर्ट में पश्चिमी राजस्थान, चूरू, शेखावाटी क्षेत्र और नागौर सहित भरतपुर तक कहीं कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएं चलने की संभावना रही। तीन घंटे बाद सवा तीन बजे मौसमी तंत्र में बदलाव आया और बीकानेर संभाग यलो अलर्ट से एकबारगी बाहर निकल गया।
उष्ण लहर जारी रहने की संभावना
मौसम के चल रहे बदलाव के क्रम के बीच थळी अंचल उष्ण लहर चपेट से अभी बाहर नहीं निकला है। मौसम केन्द्र के अनुसार चूरू में 24 और 25 मई को उष्ण लहर की संभावना रहेगी। इसके बाद गर्म हवाओं से थोड़ी राहत मिल सकती है। आगामी 4-5 दिन राज्य के पश्चिमी और पूर्वी भागों में कहीं कहीं हीटवेव की चलने की संभावना है।
रतनगढ़ में तेज अंधड़ के साथ हुई हल्की बरसात
रतनगढ़. क्षेत्र में सुबह से ही पड़ रही भीषण गर्मी व धूप से परेशान लोगों ने शनिवार दोपहर तेज अंधड़ के साथ हुई हल्की बारिश (Light Rain) के बाद तपत से राहत महसूस की। इस दौरान तेज अंधड़ से रतनगढ़ तहसील के गांव नूंवा में बिजली के पोल टूट गए। मिली जानकारी के अनुसार गांव में करीब 15 बिजली के पोल टूट गए। समाचार लिखे जाने तक बिजली गुल थी।
सूरज के तीखे तेवर से बेहाल शहर
सुजानगढ़. गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को तेज धूप और झुलसाने वाली गर्म हवाओं ने आमजन का जीना मुहाल कर दिया। दोपहर के समय गांधी चौक सहित मुख्य बाजारों में सन्नाटा पसरा नजर आया। ग्राहक नहीं आने से दुकानदार दुकानों पर ही आराम करते दिखाई दिए, वहीं मजदूर वर्ग पेड़ों और मकानों की छांव में गर्मी से राहत तलाशता नजर आया। स्टेशन रोड जैसे व्यस्त बाजार में भी दोपहर के तीन-चार घंटे तक वीरानी छाई रही। राहगीरों, दिहाड़ी श्रमिकों और दुपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। बिजली की कटौती और आंख-मिचौनी लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रही है। शनिवार शाम को आसमान में हल्के बादल छाने और मामूली बूंदाबांदी होने से लोगों को राहत की उम्मीद जरूर जगी, लेकिन उमस रही।
छांव तलाशते नजर आए लोग और पशु-पक्षी
सांखू फोर्ट. क्षेत्र में पिछले चार-पांच दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी ने आमजन ही नहीं, पशु-पक्षियों का जीवन भी प्रभावित कर दिया है। शनिवार को भी तेज धूप और लू का असर पूरे दिन बना रहा। सुबह आसमान साफ रहने के बाद दिन चढ़ने के साथ सूरज ने आग उगलनी शुरू कर दी, जिससे सड़कें तपने लगीं और बाहर निकलना मुश्किल हो गया। दुपहिया वाहन चालक सिर ढककर और पानी की बोतल साथ लेकर सफर करते नजर आए। गर्मी के कारण बाजारों और मुख्य सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम चहल-पहल दिखाई दी। तेज धूप और गर्म हवाओं से बचने के लिए लोग, पशु और पक्षी छांव तथा ठंडी जगहों की तलाश करते नजर आए। हालांकि शाम के समय आसमान में हल्के बादल जरूर छाए, लेकिन गर्म हवाओं और उमस के चलते लोगों को राहत नहीं मिल सकी।
बूंदाबांदी से मिली राहत
सालासर. पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी की मार झेल रहे सालासर और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली। तेज धूप और झुलसाती गर्म हवाओं के बीच अचानक धूलभरी आंधी चलने से आसमान में धूल का गुबार छा गया। इसके बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू होने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई। तेज हवाओं के कारण सड़कों और बाजारों में उड़ती धूल से लोगों को परेशानी भी उठानी पड़ी। पिछले कई दिनों से तीखी गर्मी से परेशान लोग मौसम बदलते ही घरों से बाहर निकल आए। हल्की बारिश से शाम होते-होते मौसम खुशनुमा नजर आया और लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली।