
Lok Sabha Elections : राजस्थान की 25 लोकसभा सीटों में से बीजेपी ने 15 पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। अबतक जारी की गई सूची में पूर्व के 5 उम्मीदवारों का टिकट काटा गया है, जिनमें से एक नाम हैं राहुल कस्वां, जिन्होंने चूरू लोकसभा सीट से 2019 में विजय हासिल किया था। आगामी चुनाव में उनके स्थान पर पैरालंपिक एथलीट देवेंद्र झाझड़िया को टिकट दिया गया है। राहुल कस्वां का टिकट क्यों कटा? इसको लेकर कई चर्चाएं हैं।
पहला, चूरू लोकसभा सीट पर उन्हें विरोध का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोग इस बात से नाराज थे कि स्थानीय सांसद उनकी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। कई स्थानों पर उनके विरोध में पोस्टर देखने को मिले, जिसमें लिखा था, “ मोदी जी आपसे बैर नहीं, चूरू सांसद राहुल कस्वां अब स्वीकार नही।” ऐसा माना जा रहा है कि इन्ही वजहों से ही उनका टिकट कटा है।
एक और चर्चा है कि टिकट न मिलने की वजह राजेंद्र राठौड़ हैं, क्योंकि दोनों के बीच की अदावत कई बार मीडिया में सामने आ चुकी है। जिसके बाद कथित तौर पर राजेंद्र राठौड़ के समर्थकों ने चूरू में ही राहुल कस्वां के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया और जगह-जगह उनके खिलाफ पोस्टर लगाए।
बीकानेर - अर्जुन राम मेघवाल
चुरू - देवेंद्र झाझड़िया
सीकर - सुमेधानंद सरस्वती
अलवर - भूपेंद्र यादव
भरतपुर - रामस्वरूप कोली
नागौर - ज्योति मिर्धा
पाली - पीपी चौधरी
जोधपुर - गजेंद्र सिंह शेखावत
बाड़मेर - कैलाश चौधरी
जालोर - लुंबाराम चौधरी
उदयपुर - मन्नालाल रावत
चित्तौड़गढ़ - सीपी जोशी
झालावाड़ बारां -दुष्यंत सिंह
कोटा - ओम बिरला
बांसवाड़ा - महेंद्रजीत सिंह मालवीय।
राजस्थान में लोकसभा सीट के पहली लिस्ट जारी करने में भाजपा के शीर्ष नेताओं ने जो तेवर दिखाए हैं, उसके बाद तो बाकी 10 दावेदारों के होश फाख्ता हैं। राजस्थान की जिन 10 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान बाकी है इसमें जयपुर, जयपुर ग्रामीण, भीलवाड़ा, श्रीगंगानगर, झुंझुनूं, दौसा, टोंक-सवाई माधोपुर, करौली-धौलपुर, राजसमंद, अजमेर सीट शामिल हैं।