
Missing Youth Found After 10 year: दस साल पहले परिवार से बिछड़ा मुन्नू जब अचानक अपनों के बीच पहुंचा तो वर्षों का इंतजार आंसुओं और खुशियों में बदल गया। परिजनों ने लंबे समय तक तलाश के बाद उसे मृत मान लिया था लेकिन चूरू के सादुलपुर विमला देवी सेवा आश्रम के संचालक समाजसेवी मनीष शर्मा की पहल से परिवार को उसका जीवित होने का पता चला।
परिवार के लिए यह पल किसी चमत्कार से कम नहीं था। जिस व्यक्ति के लौटने की उम्मीद परिजनों ने वर्षों पहले छोड़ दी थी, उसके अचानक सामने आने से घर में खुशी का माहौल बन गया।
मनीष शर्मा ने बताया कि करीब दो-तीन महीने पहले मुन्नू शहर में घूमता मिला था। सूचना पर उसे आश्रम लाया गया। पहचान संबंधी जानकारी मिलने के बाद देवरिया पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। इसके बाद रुद्रपुर थाना पुलिस ने मुन्नू के गांव हल्लादपुर मड़कड़ी के सरपंच से संपर्क कर परिजनों तक खबर पहुंचाई।
आश्रम संचालक के अनुसार मुन्नू के बारे में जानकारी जुटाने के दौरान उसके गांव और परिवार से जुड़े लोगों की पहचान करने का प्रयास किया गया। पुलिस और स्थानीय स्तर पर जानकारी शेयर करने के बाद उसके परिजनों तक पहुंचने का रास्ता साफ हुआ। इसके बाद परिवार को बताया गया कि मुन्नू जीवित है और आश्रम में सुरक्षित है।
गुरुवार शाम आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आश्रम संचालक ने मुन्नू को परिजनों के सुपुर्द किया। उसे लेने पहुंचे भतीजे आकाश और अंकित यादव ने जैसे ही अपने चाचा को देखा, भावुक होकर गले लगा लिया। यह दृश्य देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
भतीजों ने बताया कि इतने वर्षों बाद उनके सामने आने की कल्पना नहीं की थी। मुलाकात के दौरान परिवार के सदस्यों ने मुन्नू से बातचीत की और उसे घर ले जाने की तैयारी की। लंबे समय बाद परिवार के बीच लौटने पर मुन्नू भी भावुक नजर आया।
परिजनों ने बताया कि मुन्नू के लापता होने के बाद उन्होंने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। समय बीतने के साथ उम्मीद टूटती गई और परिवार ने उसे मृत मान लिया। दस साल बाद उसके सकुशल लौटने की खबर ने परिवार की बुझ चुकी उम्मीदों को फिर जगा दिया। परिजनों ने आश्रम संचालक और पुलिस का आभार जताया।