चूरू

‘वर्दी का अपमान बर्दाश्त नहीं’, चूरू में सहकारिता मंत्री गौतम दक के खिलाफ रिटायर्ड पुलिसकर्मियों का प्रदर्शन

Churu News: सहकारिता मंत्री गौतम दक के कथित आपत्तिजनक ऑडियो को लेकर चूरू में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री को मंत्रिमंडल से हटाने, निष्पक्ष जांच कराने और कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।

2 min read
Jun 02, 2026
Churu News
कलक्टर को ज्ञापन देने जाते सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी। फोटो- पत्रिका

चूरू। सहकारिता मंत्री गौतम दक की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को चूरू में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। सेवानिवृत्त पुलिस कल्याण संगठन के बैनर तले बड़ी संख्या में पूर्व पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने, दर्ज प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

यह वीडियो भी देखें

प्रदर्शन के दौरान संगठन से जुड़े पूर्व पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस बल समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाता है। ऐसे में पुलिसकर्मियों के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी बयान को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यदि कोई जनप्रतिनिधि या मंत्री सार्वजनिक रूप से अनुचित भाषा का प्रयोग करता है तो उससे न केवल संबंधित वर्ग की भावनाएं आहत होती हैं, बल्कि पद की मर्यादा भी प्रभावित होती है।

उचित कार्रवाई की मांग

रिटायर्ड एसपी केशर सिंह शेखावत ने कहा कि मंत्री पद पर बैठे व्यक्ति को अपने शब्दों और व्यवहार में संयम रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सहकारिता मंत्री गौतम दक ने पुलिसकर्मियों के लिए अभद्र और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का सम्मान हर हाल में सुरक्षित रहना चाहिए और इस तरह की टिप्पणियों पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए।

कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ

गौरतलब है कि हाल ही में सहकारिता मंत्री गौतम दक का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। ऑडियो में उन्हें पुलिसकर्मियों के लिए कथित रूप से आपत्तिजनक और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए सुना गया। ऑडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया और विभिन्न स्तरों पर विरोध शुरू हो गया। इसी प्रकरण में मामला दर्ज होने के बाद अब चूरू के सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने भी विरोध दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।

वहीं वायरल ऑडियो को लेकर मंत्री गौतम कुमार दक ने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि तकनीक का दुरुपयोग कर ऑडियो को संपादित किया गया है और उस कथित ऑडियो से उनका कोई संबंध नहीं है। दूसरी ओर, इस मामले में थानाधिकारी शैतान सिंह की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि गाली-गलौज के दौरान मंत्री आक्रोशित हो गए तथा पुलिसकर्मियों को अपमानित करने और मारपीट करने के इरादे से आपराधिक बल प्रयोग का प्रयास किया।

Published on:
02 Jun 2026 05:07 pm