
Wanted Accused Arrested From Haryana: एक करोड़ रुपए की रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी और घर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रोहित गोदारा और वीरेन्द्र चारण गैंग से जुड़े 25 हजार रुपए के इनामी अंतरराज्यीय आरोपी बिन्दू उर्फ मिंटू मोडासिया को चूरू पुलिस ने हरियाणा के हिसार से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 14 मई की सुबह करीब 5 बजे रेलवे घूमचक्कर के पास रहने वाले सुनील कुमार प्रजापत घर की ऊपरी मंजिल के पोर्च में टहल रहे थे। इसी दौरान दो नकाबपोश व्यक्ति सड़क पर पहुंचे। इनमें एक के हाथ में हथियार था। आरोप है कि हथियार तानकर सुनील को धमकाया गया कि उसने वीरेन्द्र चारण और रोहित गोदारा के कहने पर एक करोड़ रुपए उनके माता-पिता को नहीं भेजे। इसके बाद आरोपी ने जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग की और दोनों मौके से फरार हो गए। घटना के बाद सुनील की रिपोर्ट पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक की मॉनिटरिंग में एएसपी सुजानगढ़ पवन कुमार एवं सीओ इनसार अली के सान्निध्य में सीआई संदीप कुमार ने जांच आगे बढ़ाई। विदेशी नंबर से आए कॉल की डिटेल हासिल करने के लिए संबंधित सोशल मीडिया एजेंसियों से रिकॉर्ड के लिए पत्राचार किया गया। पुलिस ने मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ीं।
पुलिस के अनुसार मामले में पहले ही 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अनुसंधान के दौरान बिन्दू उर्फ मिंटू पुत्र कर्णसिंह जाट निवासी सोरड़ा जदीद (मोडासिया), थाना बहल, जिला भिवानी हरियाणा के खिलाफ भी अपराध प्रमाणित पाया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू की।
अंतरराज्यीय पुलिस टीम एवं जिला पुलिस की लगातार कार्रवाई और मजबूत आसूचना तंत्र के जरिए आरोपी को हिसार, हरियाणा से डिटेन किया गया। घटना में संलिप्तता प्रमाणित होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 308(4), 61(2) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।