चूरू

Churu: ‘पानी में नशीला पदार्थ मिलाता है ब्यूटी पार्लर संचालक’, युवतियों ने लगाया आरोप और कर दी पिटाई, वीडियो वायरल

Rajasthan News: चूरू के सादुलपुर स्थित एक ब्यूटी पार्लर में पीने के पानी में संदिग्ध पदार्थ मिलाने के आरोपों से हड़कंप मच गया है। युवतियों द्वारा लगाए गए इन आरोपों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है, हालांकि अभी तक कोई केस दर्ज नहीं हुआ है।
2 min read
Jul 04, 2026
beauty parlor news
वायरल वीडियो से ली फोटो: सोशल मीडिया

Sadulpur Beauty Parlour Viral Video:राजस्थान के सादुलपुर शहर के शीतला बाजार स्थित एक ब्यूटी पार्लर में कथित रूप से पीने के पानी में संदिग्ध पदार्थ मिलाने के आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस थाने पहुंच गया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई प्रकरण दर्ज नहीं हुआ था।

युवतियों की ओर से पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वे मार्च 2026 से उक्त ब्यूटी पार्लर में कार्यरत थीं। प्रारंभ में पार्लर संचालक केवल हिसाब-किताब के लिए आता था, लेकिन बाद में उसका बार-बार पार्लर के अंदर आना उन्हें असहज लगने लगा। शिकायत के अनुसार 27 जून को उन्हें संदेह हुआ कि संचालक पीने के पानी में कोई संदिग्ध पदार्थ मिला रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

संदेह के बाद बनाया वीडियो

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि संदेह की पुष्टि के लिए उन्होंने पार्लर में मोबाइल फोन लगाकर रिकॉर्डिंग शुरू की। आरोप है कि 29 जून को रिकॉर्डिंग के दौरान संचालक फिर पानी में कोई पदार्थ मिलाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने अपने परिजनों को सूचना दी, काम छोड़ दिया और पुलिस थाने पहुंचकर निष्पक्ष जांच की मांग की।

मारपीट का वीडियो भी वायरल

मामले से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में संचालक कथित रूप से पानी में कोई पदार्थ मिलाता दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में कुछ युवतियां उसकी पिटाई करती नजर आ रही हैं। हालांकि इन वीडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिस बोली-जांच के बाद होगी कार्रवाई

थानाधिकारी राजेश सिहाग ने बताया कि युवतियों की ओर से लिखित शिकायत मिली है। दो युवतियों ने बाद में शिकायत वापस लेने की बात भी कही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संचालक और युवतियां पहले आपसी साझेदारी में कार्य कर रहे थे। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

संचालक ने आरोपों से किया इनकार

उधर पार्लर संचालक ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उसका कहना है कि पार्लर का कामकाज ठीक नहीं चल रहा था। धार्मिक आस्था के चलते उसने पार्लर में पीली सरसों के दाने डाले और पीने के पानी में गंगाजल मिलाया था। उसने किसी भी प्रकार का नशीला या आपत्तिजनक पदार्थ मिलाने से साफ इनकार किया है।

Updated on:
04 Jul 2026 10:20 am
Published on:
04 Jul 2026 10:18 am