चूरू

Sardarshahar Crime : रंजिश का बदला: युवक पर पाइप से हमला, दी जान से मारने की धमकी

पीड़ित ने दावा किया है कि घटना के सीसीटीवी फुटेज आसपास के प्रतिष्ठानों और एक बैंक के कैमरों में दर्ज हुए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
3 min read
Jun 01, 2026
Youth attacked in sardarshahar

सरदारशहर. शहर के वार्ड संख्या 53 में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर लोहे के पाइप से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस थाना सरदारशहर में रिपोर्ट देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में वार्ड संख्या 53 निवासी मोहम्मद हारून पुत्र रहमान ने बताया कि उसके मोहल्ले के एक व्यक्ति से परिवार की पुरानी रंजिश चली आ रही है।

वर्ष 2019-20 में मारपीट के एक मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि तभी से आरोपी परिवार से रंजिश रखता है और लगातार परेशान कर रहा है।

पहले टक्कर मारने और धमकाने का आरोप
पीड़ित के अनुसार कुछ दिन पहले आरोपी ने तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी थी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। वहीं उसके पुत्र को भी रास्ते में रोककर न्यायालय में चल रहे मुकदमे को वापस लेने का दबाव बनाया गया।

शोर सुनकर पहुंचे लोग, बची जान
रिपोर्ट के मुताबिक रविवार सुबह करीब 10 बजे मोहम्मद हारून मोटरसाइकिल से काम पर जा रहा था। इसी दौरान केनरा बैंक के पास आरोपी ने अपना वाहन आगे लगाकर उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद आरोपी ने वाहन से लोहे का पाइप निकालकर हमला कर दिया। बचाव के प्रयास में उसके होंठ के नीचे चोट आई तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें लगीं। शोर-शराबा सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आरोप है कि जाते समय आरोपी ने मुकदमा वापस नहीं लेने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

सीसीटीवी फुटेज में घटना दर्ज होने का दावा
पीड़ित ने दावा किया है कि घटना के सीसीटीवी फुटेज आसपास के प्रतिष्ठानों और एक बैंक के कैमरों में दर्ज हुए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छह माह बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा हमलावर, लोहे के पाइप भी बरामद
सादुलपुर. लम्बोरखेड़ी गांव में दुकान पर बैठे एक व्यक्ति पर लोहे के पाइपों से जानलेवा हमला कर पैर तोड़ने और गंभीर मारपीट करने के मामले में छह माह से फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने हरियाणा में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भिजवा दिया। वहीं घटना में प्रयुक्त लोहे के पाइप भी बरामद किए गए हैं।

मामले की जांच कर रहे एसआई धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में हरियाणा के सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान छह माह से फरार चल रहे आरोपी दीपक उर्फ शनि निवासी आदर्श कॉलोनी, बट्टू (हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए लोहे के पाइप भी बरामद किए गए हैं।

एसयूवी में सवार होकर पहुंचे थे हमलावर

पुलिस के अनुसार 24 नवंबर को गांव लम्बोरखेड़ी निवासी जयवीर सिंह (57) ने अस्पताल में भर्ती रहते हुए पर्चा बयान देकर मामला दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि 23 नवंबर की शाम करीब छह बजे वह बस स्टैंड स्थित अपनी परचून की दुकान के बाहर बरामदे में बैठे हुक्का पी रहे थे। इसी दौरान बैरासर की ओर से आई काले रंग की स्कॉर्पियो उनकी दुकान के सामने रुकी। आरोप है कि वाहन से एक युवक लोहे की जीआई पाइप लेकर उतरा और आते ही हमला कर दिया। इसके बाद स्कॉर्पियो से तीन अन्य युवक भी बाहर आए, जिनके हाथों में भी लोहे के पाइप थे। चारों आरोपियों ने मिलकर उनके हाथ, पैर, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर लगातार वार किए तथा जान से मारने की धमकियां दीं।

ग्रामीणों के पहुंचने पर भागे आरोपी

पीड़ित के अनुसार शोर सुनकर उनका पुत्र और गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी स्कॉर्पियो में सवार होकर फरार हो गए। हमले में गंभीर चोटें आने के कारण जयवीर सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

दामाद पर हमला करवाने का आरोप

दर्ज रिपोर्ट में जयवीर सिंह ने आरोप लगाया कि उनके दामाद नेकराम निवासी पालड़ी (भादरा) ने आपसी रंजिश के चलते युवकों को हमला करने के लिए भेजा था। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी और दामाद के बीच भरण-पोषण का मामला राजगढ़ न्यायालय में विचाराधीन है और इसी रंजिश के चलते हमला करवाया गया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में भी दामाद द्वारा जान से मारने की धमकियां दी जा चुकी हैं।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

जांच अधिकारी एसआई धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में परिवादी के दामाद को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Updated on:
01 Jun 2026 12:41 pm
Published on:
01 Jun 2026 12:41 pm