क्रिकेट

1996 के इस विश्व विजेता कप्तान को किया जाएगा गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

Arjuna Ranatunga set to be arrested: 1996 का वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान अर्जुन रणतुंगा को जल्‍द ही गिरफ्तार किया जाएगा। श्रीलंकाई अधिकारी के मुताबिक, मामला उनके पेट्रोलियम मंत्री रहने के दौरान भ्रष्‍टाचार से जुड़ा है।

2 min read
Dec 16, 2025
विश्‍व कप ट्रॉफी के साथ श्रीलंकाई कप्‍तान अर्जुन रणतुंगा। (फाइल फोटो: एक्‍स@/ICC)

Arjuna Ranatunga set to be arrested: श्रीलंका से खबर आ रही है कि पूर्व विश्‍व विजेता कप्‍तान अर्जुन रणतुंगा को गिरफ्तार किया जा सकता है। एक कोर्ट को बताया गया है कि श्रीलंकाई अधिकारी रणतुंगा को पेट्रोलियम मंत्री रहने के दौरान उनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार करने की योजना बना रहे हैं। एक भ्रष्टाचार विरोधी निगरानी संस्था के अनुसार, रणतुंगा और उनके भाई पर लंबे समय के तेल खरीद कॉन्ट्रैक्ट देने की प्रक्रिया में बदलाव करने और ऊंची कीमतों पर स्पॉट खरीदारी करने का आरोप है। ज्ञात हो कि 62 वर्षीय अर्जुन रणतुंगा ने 1996 क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्‍ट्रेलिया को हराकर श्रीलंका खिताब जिताया था।

800 मिलियन रुपये का नुकसान

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रिश्वत या भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच करने वाले आयोग ने कोर्ट को बताया कि 27 खरीद से राज्य को कुल 800 मिलियन रुपये का नुकसान हुआ है। 2017 में जब डील हुई थीं, उस समय ये राशि 5 मिलियन डॉलर से थोड़ी अधिक थी। रणतुंगा भाइयों से जुड़ा ये मामला श्रीलंकाई राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके की सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने के वादे के बाद शुरू की गई एक बड़ी कार्रवाई का हिस्सा है।

एक भाई के देश छोड़ने पर लगाया प्रतिबंध

आयोग ने कोलंबो मजिस्ट्रेट असंगा बोडारागामा को बताया कि रणतुंगा फिलहाल विदेश में हैं और उनके लौटने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उनके बड़े भाई धम्मिका रणतुंगा को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। हालांकि बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। बता दें कि धम्मिका उस समय सरकारी सीलोन पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के चेयरमैन थे। अब मजिस्ट्रेट ने धम्मिका के देश छोड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस मामले में अगली सुनवाई 13 मार्च को होनी है।

दो साल की निलंबित जेल की सजा काट रहा दूसरा भाई

वहीं, उनके एक और भाई पूर्व पर्यटन मंत्री प्रसन्ना रणतुंगा को पिछले महीने एक बीमा धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया गया था। वह मामला अभी लंबित है। प्रसन्ना को पहले जून 2022 में एक बिजनेसमैन से पैसे ऐंठने के आरोप में दोषी ठहराया गया था और वह वर्तमान में दो साल की निलंबित जेल की सजा काट रहे हैं।

Also Read
View All

अगली खबर