
मानव सुथार, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे (Photo - BCCI)
India Debutants in 2026: साल 2026 भारतीय क्रिकेट के लिए नए और युवा चेहरों का साल रहा है। टीम मैनेजमेंट ने भविष्य की तैयारी करते हुए तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) में कई होनहार खिलाड़ियों को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका दिया। इन युवाओं ने मुल्लांपुर से लेकर इंग्लैंड तक अपनी छाप छोड़ी है।
टेस्ट फॉर्मेट की बात करें, तो राजस्थान के लेफ्ट-आर्म स्पिनर मानव सुथार ने 6 जून 2026 को अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर (महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम) में अपना डेब्यू किया। अपने पहले ही मैच में मानव ने 33 रन देकर 6 विकेट चटकाए और 21वीं सदी में किसी भी भारतीय स्पिनर का बेस्ट डेब्यू स्पेल डाल दिया।
वनडे क्रिकेट में भी टीम इंडिया को तीन शानदार खिलाड़ी मिले। तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ और ऑलराउंडर हर्ष दुबे ने 13 जून को धर्मशाला स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया। गुरनूर ने अपनी गति से प्रभावित करते हुए पहले ही मैच में 27 रन देकर 3 विकेट लिए। अब तक वह 6 वनडे में 11 विकेट ले चुके हैं। वहीं, विदर्भ के ऑलराउंडर हर्ष दुबे ने भी अपने डेब्यू मैच में 3 विकेट (3/47) चटकाए। इसके बाद लखनऊ के इकाना स्टेडियम में सीरीज के दूसरे वनडे में तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को कैप सौंपी गई। आईपीएल (IPL) में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए कमाल का प्रदर्शन करने वाले प्रिंस ने भी इस मौके का पूरा फायदा उठाया।
टी20 क्रिकेट में साल 2026 में कई नए खिलाड़ियों ने नीली जर्सी पहनी। प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे ने आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में अपना टी20 डेब्यू किया। जिम्बाब्वे दौरे पर हरारे में अशोक शर्मा और तेज गेंदबाज यश ठाकुर को पहली बार टी20 इंटरनेशनल खेलने का मौका मिला। वहीं, सबसे बड़ा धमाका किया बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने। वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर (ओल्ड ट्रैफर्ड) में मात्र 15 साल और 99 दिन की उम्र में डेब्यू किया। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का 36 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारत के सबसे युवा इंटरनेशनल क्रिकेटर बनने का गौरव हासिल किया और अपने डेब्यू में 2 शानदार छक्के जड़े। कुल मिलाकर, 2026 में इन युवा डेब्यूटेंट्स ने साबित कर दिया है कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य बेहद सुरक्षित और आक्रामक हाथों में है।
Updated on:
26 Jul 2026 01:39 pm
Published on:
26 Jul 2026 01:38 pm
