
नागपुर : भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर के नाम घरेलू क्रिकेट में बल्लेबाजी का शायद ही कोई रिकॉर्ड होगा, जो उनके नाम नहीं होगा। लेकिन भूख ऐसी कि उम्र को मात देकर वह 40 साल की उम्र में भी रिकॉर्ड रचते जा रहे हैं। ईरानी ट्रॉफी में ऱणजी चैम्पियन विदर्भ की तरफ से खेलते हुए उन्होंने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी का जौहर दिखाया और पहले ही दिन नाबाद 113 जड़ दिए। कमाल की बात तो यह है कि अब इस बल्लेबाज का बेटा अरमान जाफर भी अंडर-19 टीम और आईपीएल में खेल रहा है।
पहले दिन स्टम्प पर 2 विकेट पर 289 रन
जाफर की शतकीय पारी के बदौलत विदर्भ ने शेष भारत के खिलाफ बुधवार को ईरानी ट्रॉफी मैच के पहले दिन स्टंप तक दो विकेट पर 289 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
बनाया 53वां शतक
घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकार्ड रखने वाले जाफर ने प्रथम श्रेणी के अपने 242वें मैच में 53वां शतक लगाया। अपनी 166 गेंद की नाबाद पारी में उन्होंने 16 चौके और एक सिक्स लगाया। ज्यादातर मुंबई से खेलने वाले जाफर अपना 12वां ईरानी कप खेल रहे हैं। ईरानी ट्रॉफी में उनके नाम 1000 से ज्यादा रन है।
लगातार छठी बार लगाया पचासा
इस शतक के साथ ही ईरानी कप में ऐसा लगातार छठी बार 50 से अधिक रन बनाने का जाफर ने कारनामा किया है।
टॉस जीतकर विदर्भ ने ली बल्लेबाजी
इससे पहले टॉस जीत कर विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। ओपनर फैज फजल और संजय रामास्वामी ने शानदार शुरूआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी को जयंत यादव (73 रन पर एक विकेट) ने तोड़ी। संजय 53 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद फजल और जाफर ने 117 रन की साझेदारी की। जाफर ज्यादा आक्रामक थे। फजल के आउट होने के बाद जाफर ने गणेश सतीश ( नाबाद 29) के साथ तीसरे विकेट के लिए नाबाद 72 रन जोड़ लिए हैं।
अश्विन ने फेंका लेग स्पिन
कुछ दिनों से रविचंद्रन अश्विन यह कह रहे थे कि वह एक नई गेंद पर काम कर रहे हैं। वह ईरानी ट्रॉफी में में दिखा। इस ऑफ स्पिनर (66 रन पर एक विकेट) की नई गेंद लेग ब्रेक भी दिखी। हालांकि इसके बावजूद वह 25 ओवर की गेंदबाजी में मात्र एक ही विकेट ले सके। उन्होंने विदर्भ के कप्तान फैज फजल (89) का विकेट लिया। शेष भारत के गेंदबाज विदर्भ के बल्लेबाजों पर अपना प्रभाव नहीं छोड़ सके। अश्विन और यादव ने एक एक विकेट लिया। इनके अलावा नवदीप सैनी, सिद्धांत कौल और शाहबाज नदीम की झोली खाली रही।