क्रिकेट

Ind vs Zim 1st T20I: वैभव सूर्यवंशी से लेकर हर्ष दुबे तक को पहले टी20 में जगह, तो रिंकू सिंह समेत 4 खिलाड़ी बाहर, आकाश चोपड़ा ने चुनी प्लेइंग XI

Ind vs Zim 1st T20I: जिम्‍बाब्‍वे के खिलाफ गुरुवार 23 जुलाई को हरारे में खेले जाने वाले पहले मैच के लिए पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने भारत की अपनी प्‍लेइंग इलेवन चुनी है, जिसमें वैभव सूर्यवंशी से लेकर हर्ष दुबे तक को जगह दी गई है, लेकिन रिंकू सिंह और अशोक शर्मा जैसे प्‍लेयर्स को बाहर रखा है।
2 min read
Jul 23, 2026
Ind vs Zim 1st T20I
भारतीय सलामी बल्‍लेबाज वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा। (फोटो सोर्स: IANS)

Ind vs Zim 1st T20I, Aakash Chopra Playing 11: भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों टी20 सीरीज का आगाज आज गुरुवार 13 जुलाई से हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में होने जा रहा है। इस मैच में सबकी नजरें एक बार फिर युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी, जिन्‍हें संजू सैमसन की गैरमौजूदगी में भरपूर मौका मिलने की उम्‍मीद है। हरारे में खेले जाने वाले पहले टी20 मैच से पहले पूर्व सलामी बल्‍लेबाज और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने भारत की प्लेइंग इलेवन का चुनाव किया है। आइये आपको भी बताते हैं कि वह किसको मौका देना चाहते हैं और किसको बाहर रखना चाहते हैं?

वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा को बतौर ओपनर चुना

आकाश चोपड़ा ने अपने एक्स पर पोस्‍ट किए वीडियो में प्लेइंग इलेवन चुनी है। उन्होंने सलामी बल्लेबाज के तौर पर 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पर अपना भरोसा जताते हुए उनके पार्टनर के तौर पर अभिषेक शर्मा को चुना है। बता दें कि वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ भारत के लिए अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्‍यू किया था, लेकिन तीन मैचों में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे, जिसके चलते उन्‍हें 5वें और आखिरी टी20 मुकाबले से बाहर कर दिया गया था।

शिवम दुबे, हर्ष दुबे और सूर्यांश शेड्गे को बतौर ऑलराउंडर चुना

चोपड़ा ने नंबर तीन के लिए ईशान किशन और नंबर चार की जिम्मेदारी कप्तान श्रेयस अय्यर को सौंपी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्रेयस इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन करेंगे। पांच नंबर के लिए उन्‍होंने तिलक वर्मा पर भरोसा जताया है तो नंबर छह से लेकर नंबर 8 तक के लिए ऑलराउंडर शिवम दुबे, हर्ष दुबे और सूर्यांश शेडगे को चुना है।

रिंकू सिंह और प्रभसिमरन सिंह को रखा बाहर

चोपड़ा ने गेंदबाजी विभाग में पेसर मयंक यादव और प्रिंस यादव को रखा है। जबकि स्‍पेशलिस्‍ट स्पिनर के तौर पर रवि बिश्‍नोई को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। उन्‍होंने गेंदबाज अशोक शर्मा और यश ठाकुर को अपनी प्‍लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया है। इनके अलावा रिंकू सिंह और प्रभसिमरन सिंह को भी अपनी टीम में जगह नहीं दी है।

आकाश चोपड़ा ने चुनी पहले टी20 के लिए भारत की प्लेइंग XI

अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे, मयंक यादव, प्रिंस यादव और रवि बिश्नोई।

Updated on:
23 Jul 2026 12:12 pm
Published on:
23 Jul 2026 12:12 pm