
नई दिल्ली। सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल के फाइनल में पहुंचाने वाले राशिद खान आज सुर्खियों में है। शुक्रवार को केकेआर के खिलाफ राशिद ने जिस तरह का हरफरमौला प्रदर्शन किया, उसे देखते हुए क्रिेकेट के भारतीय दीवानों ने एक अजीबोगरीब मांग सोशल मीडिया पर की। कई लोगों ने ये मांग की कि राशिद खान को भारत की नागरिकता ले लेनी चाहिए। कई लोगों ने भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को टैग करते हुए अपनी ये मांग उठाई। स्वराज ने इसका जवाब भी दिया। लेकिन इस मांग के बीच अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने ट्वीट करते हुए साफ-साफ लिखा कि राशिद हमारे हीरो है। हम राशिद को किसी को नहीं देंगे। गनी ने अपने ट्वीट में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी टैग किया।
मांग पर ये लिखा अशरफ गनी ने -
सोशल मीडिया पर उठ रही इस मांग के जवाब पर अशरफ गनी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि अफगानिस्तान को अपने हीरो राशिद खान पर गर्व है। मैं भारतीय दोस्तों का अफगानी खिलाड़ियों को अपने खेल का जौहर दिखाने के लिए इतना बड़ा प्लेटफॉर्म देने के लिए शुक्रगुजार हूं। गनी ने आगे लिखा कि राशिद खान ने यह साबित किया कि अफगानिस्तान के पास क्या बेस्ट है? वह क्रिकेट जगत के लिए एक संपत्ति बने हुए हैं। हम उन्हें जाने (किसी और देश के लिए नहीं खेलने देंगे) नहीं देंगे। बता दें कि केकेआर के खिलाफ मैन ऑफ द मैच का अवार्ड लेते हुए राशिद ने अफगानिस्तान बम धमाकों में मारे गए लोगों की जख्म पर मरहम लगाने का काम किया था।
सुषमा स्वराज ने दिया था मजेदार जवाब-
सोशल मीडिया पर उठ रही इस मांग को पर भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने जवाब देते हुए लिखा था कि मैंने राशिद खान को भारत की नागरिकता देने के सभी ट्वीट को देख लिया है। लेकिन भारत की नागरिकता देने का काम गृह मंत्रालय का है। बता दें कि पहले ही कई बार इस तरह की मांग उठाई जा चुकी है।
राशिद ने किया था बेहतरीन प्रदर्शन-
फाइनल की सीट पक्की करने के लिए हुए शुक्रवार को हुए इस अहम मुकाबले में राशिद खान ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। राशिद ने अंतिम ओवरों में मात्र 10 गेंद खेलते हुए 34 रन बनाए। उसके बाद केकेआर की बल्लेबाजी के दौरान तीन अहम विकेट भी चटकाए। साथ ही फिल्डिंग में राशिद ने दो शानदार कैच और एक रन आउट भी कराया था।