क्रिकेट

U19 WC: अफगानिस्तान ने न्यूजीलैंड को 202 रनों से हराया, सेमीफाइनल में पहुंच रचा इतिहास

साल 2017 में अंडर 19 एशिया कप जीतने वाली अफगानिस्तान की टीम अंडर 19 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंच गई है।

2 min read

नई दिल्ली। अफगानिस्तान ने अपने से मजबूत माने जाने वाले न्यूजीलैंड को हराते हुए अंडर 19 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार को खेले गए इस मुकाबले में अफगानिस्तान की टीम ने 202 रनों की विशाल जीत दर्ज की। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 309 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जिसका पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम 28.1 ओवर में महज 107 रन बना कर ऑल आउट हो गई। इस मैच में अफगानिस्तान का प्रदर्शन काबिले तारीफ रहा। अफगानी टीम बल्लेबाजी, गेंदबाजी से लेकर क्षेत्ररक्षण में भी मेजबान से कोसों आगे दिखी।

टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का फैसला
क्राइस्टचर्च में खेले गए क्वार्टरफाइनल मैच में अफगानिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। जिसे टीम के सलामी बल्लेबाजों ने सही साबित करते हुए पहले विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी निभाई। सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह 67 गेंदों पर 7 चौके और 3 छक्के की मदद से 69 और जदरण ने 98 गेंदों पर 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 68 रनों की पारी खेली। इसके बाद बहीर शाह ने भी नाबाद 67 रन बनाए।

अजमतुल्लाह की आतिशी पारी
अफगान की ओर से अजमतुल्लाह ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचा दिया। अजमतुल्लाह ने मात्र 23 गेंदों का सामना करते हुए 67 रनों की पारी खेली। इस पारी के दौरान अजमतुल्लाह ने 3 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के भी लगाए। इन पारियों की बदौलत अफगानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 309 रनों का स्कोर खड़ा किया। न्यूजीलैंड के लिए संदीप पटेल ने 13 रन देकर 2 विकेट लिए।

बेहद खराब रही कीवी टीम की शुरुआत
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और महज 20 रन तक उसके 4 विकेट गिर गए। इसके बाद भी कीवी टीम की ओर से कोई साझेदारी नहीं पनप सकी। मुजीब जदरण और कैस अहमद की धारदार गेंदबाजी के आगे पूरी कीवी टीम 28.1 ओवरों में महज 107 रन बनाकर सिमट गई और उसे 202 रन से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। मुजीब जदरण ने 14 रन देकर 4 और कैस अहमद ने 33 रन देकर 4 विकेट लिए। अजमतुल्लाह को उनकी धुंआधार पारी के लिए मैन आफ द मैच चुना गया। सेमीफाइनल में अफगानिस्तान का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा।

ये भी पढ़ें

U19 WC: आस्ट्रेलिया को मिला नया शेन वार्न, 8 विकेट चटकाते हुए दिलाया सेमीफाइनल का टिकट
Published on:
25 Jan 2018 01:14 pm
Also Read
View All