
भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)
IND vs NZ Auckland ODI: टी20 सीरीज में अपने गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन को भुलाकर टीम इंडिया वनडे सीरीज में बेहतर प्रदर्शन करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। हालांकि, पांच मैचों की टी20 सीरीज को भारत ने 3-2 से जीत लिया था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने काफी निराश किया था। वनडे सीरीज का पहला मुकाबला ऑकलैंड में खेला जाएगा, जहां दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला साल 2022 में खेला गया था। उस मुकाबले में भी भारतीय टीम गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन की वजह से हार गई थी।
2022 में टीम इंडिया 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड गई थी, जहां सीरीज का पहला मुकाबला ही ऑकलैंड में खेला गया था। उस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 306 रन बनाए थे, लेकिन न्यूजीलैंड ने सिर्फ तीन विकेट गंवाकर 17 गेंद पहले ही 309 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया था।
न्यूजीलैंड ने टॉस जीता था और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। शिखर धवन की कप्तानी में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। शुभमन गिल और शिखर धवन ने पहले विकेट के लिए 124 रन की साझेदारी की। हालांकि, इसी स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। शिखर धवन ने 72 रन बनाए तो शुभमन गिल ने 50 रन की पारी खेली।
इसके बाद श्रेयस अय्यर ने आकर चार छक्के और चार चौकों की मदद से 76 गेंदों में 80 रन ठोक दिए। लेकिन ऋषभ पंत 15 और सूर्यकुमार यादव 4 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद संजू सैमसन ने 36 और वाशिंगटन सुंदर ने ताबड़तोड़ 16 गेंदों में 37 रन बनाकर टीम इंडिया को 300 के पार पहुंचा दिया। न्यूजीलैंड की ओर से टिम साउदी और लॉकी फर्ग्यूसन ने तीन-तीन विकेट चटकाए, तो एडम मिल्ने को भी एक सफलता मिली।
307 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 88 रन पर ही 3 विकेट गिर गए थे। फिन एलन 22, डेवोन कॉनवे 24 और डैरिल मिचेल 11 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन उसके बाद कप्तान केन विलियमसन के 94 और टॉम लैथम के नाबाद 145 रनों की पारी ने भारतीय टीम से जीत छीन ली। उस मुकाबले में अर्शदीप सिंह भी खेले थे, जिन्होंने 8.1 ओवर में 68 रन लुटाए थे, तो वहीं उमरान मलिक ने 10 ओवर में 66 और युजवेंद्र चहल ने 10 ओवर में 67 रन खर्च किए थे। शार्दुल ठाकुर ने भी 9 ओवर में 63 रन खर्च किए थे और उन्हें एक ही विकेट मिली थी। उस मुकाबले में 20 ओवर के बाद भारतीय टीम कोई विकेट हासिल नहीं कर पाई। इस वजह से भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा।
Updated on:
3 Nov 2026, 9:34 PM IST
Published on:
3 Nov 2026, 9:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.