क्रिकेट

IPL 11: राजस्थान रॉयल्स ने भी स्मिथ को कप्तानी से हटाया, रहाणे होंगे नए कप्तान

स्टीव स्मिथ की जगह भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे को राजस्थान रॉयल्स का कप्तान बनाया गया है।

2 min read

नई दिल्ली: बॉल टैंपरिंग के मामले में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी से जाने के बाद स्टीव स्मिथ को अब आईपीएल में भी भारी नुकसान हो गया है। दरअसल, स्टीव स्मिथ को अब राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी से भी हटा दिया गया है। स्टीव स्मिथ की जगह भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे को राजस्थान रॉयल्स का कप्तान बनाया गया है।

पहली बार आईपीएल में कप्तानी करते नजर आएंगे रहाणे
आपको बता दें कि अजिंक्य रहाणे पहली बार आईपीएल में कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। साथ ही 2 साल के बैन के बाद राजस्थान की टीम इस साल आईपीएल में वापसी कर रही है।

रविवार को स्मिथ को ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी से धोना पड़ा था हाथ
वहीं बॉल टैंपरिंग विवाद के चलते रविवार को ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री के दबाव के बाद स्टीव स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया की टीम से भी इस्तीफा दे दिया था। स्मिथ के अलावा ऑस्ट्रेलिया के उप कप्तान डेविड वॉर्नर को भी उनके पद से बर्खास्त कर दिया गया था।

स्मिथ ने कबूला आरोप
बता दें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बेनक्रॉफ्ट ने पीले टेप के माध्यम से गेंद से छेड़छाड़ की थी। इस बात को बाद में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्मिथ ने माना और कहा कि यह टीम की योजना थी और इसमें टीम का 'लीडरशिप ग्रुप' शामिल था। इस हरकत के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने स्मिथ और डेविड वार्नर को कप्तान और उप-कप्तान के पद से हटा दिया था। स्मिथ के स्थान पर टिम पेन टीम की कप्तानी कर रहे हैं।

एक मैच का बैन भी लगा
सीए के बाद आईसीसी ने भी स्मिथ को अपनी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2.1 का दोषी माना था और उन पर एक मैच के प्रतिबंध के साथ ही 100 फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगाया था। आईसीसी ने अपनी वेबसाइट पर एक बयान जारी कर कहा , "ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्मिथ पर गेंद से छेड़खान की योजना में शामिल होने की बात को स्वीकार करने के बाद एक मैच का प्रतिबंध के साथ मैच फीस का 100 फीसदी जुर्माना भी लगाया गया है।"

ये भी पढ़ें

बॉल टैंपरिंग मामले में बीसीसीआई करेगा आईसीसी के फैसले का इंतजार
Updated on:
26 Mar 2018 03:57 pm
Published on:
26 Mar 2018 03:21 pm
Also Read
View All