क्रिकेट

‘उसे बस अपना गेम खेलने दो’, वैभव सूर्यवंशी को लेकर पूर्व स्टार खिलाड़ी ने दी वार्निंग

Ajinkya Rahane on Vaibhav Sooryavanshi: हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्‍यास लेने वाले अजिंक्‍य रहाणे ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को लेकर सभी को चेतावनी देते हुए कहा है कि युवा बच्चे पर प्रेशर नहीं डालना चाहिए, क्योंकि लोग पहले से ही उसे लेकर बहुत बातें कर रहे हैं। इसलिए उसे बस अपना गेम खेलने दो।
2 min read
Aug 06, 2026
Vaibhav Sooryavanshi, Duleep Trophy 2026, Ajinkya Rahane on Vaibhav Sooryavanshi
वैभव सूर्यवंशी। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/sportsscen)

Ajinkya Rahane on Vaibhav Sooryavanshi: जिम्‍बाब्‍वे दौरे पर धमाल मचाने के बाद वैभव सूर्यवंशी फिलहाल ब्रेक पर हैं। जल्‍द ही वह दिलीप ट्रॉफी 2026 में खेलते नजर आएंगे। उन्‍हें लेकर पूर्व भारतीय स्‍टार बल्‍लेबाज अजिंक्य रहाणे ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर तरह-तरह की बयानबाजी करने वालों को वार्निंग देते हुए कहा है कि टेस्ट क्रिकेट में उसके भविष्य के बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। फिलहाल इस टीनेजर को आगे बढ़ने देना चाहिए। इंडियन प्रीमियर लीग और इंटरनेशनल क्रिकेट दोनों पूरी तरह से अलग हैं।

बता दें कि वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल करियर की शुरुआत कुछ मिली-जुली रही। इंग्लैंड में डेब्यू टूर पर स्ट्रगल करने के बाद इस 15 साल के युवा खिलाड़ी ने जिम्बाब्वे के दौरे पर टी20 इंटरनेशनल सीरीज में शानदार वापसी करते हुए प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब अपने नाम किया।

'उसे बस अपना गेम खेलने दो'

अजिंक्‍य रहाणे ने स्टिक टू क्रिकेट पॉडकास्ट पर बात करते हुए वैभव को लेकर कहा कि उसको लेकर अभी कुछ कहना या कमेंट करना मुश्किल है। उस युवा बच्चे पर कोई प्रेशर नहीं डालना चाहिए, क्योंकि लोग पहले से ही उसको लेकर बहुत सी बातें कर रहे हैं। अभी तो बस दो आईपीएल सीजन ही हुए हैं।

उन्होंने कहा कि मुझे एहसास हुआ है कि आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट बिल्कुल अलग हैं, क्‍योंकि जब आप अपने देश को रिप्रेजेंट करते हैं तो प्रेशर बहुत ज्‍यादा होता है। आईपीएल में चार या पांच ओवर में 70 रन चेज करना आसान है। इंटरनेशनल क्रिकेट में उतने ही रन चेज करना अलग बात है। इसलिए, उसे बस अपना गेम खेलने दो, उसे ग्रो करने दो।

इंग्‍लैंड दौरे पर स्‍ट्रगल करते आए नजर

बता दें कि सूर्यवंशी को आईपीएल 2026 सीजन के बाद टीम इंडिया के लिए पहला कॉल-अप मिला। उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड टूर के लिए चुना गया था, लेकिन आयरलैंड दौरे पर वह बेंच पर बैठे रहे। संजू सैमसन के खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने इंग्लैंड में डेब्यू करने का मौका मिला। इस दौरान उन्‍होंने स्ट्रगल किया और तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों में 14, 13 और 15 रन बना सके।

जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में मचाया धमाल

सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच जिताने वाले प्रदर्शन के साथ इंग्लैंड दौरे की निराशा को खत्‍म करते हुए शानदार वापसी की। उन्होंने तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज की शुरुआत हाफ सेंचुरी से की, दूसरे गेम में 20 रन बनाए और फिर आखिरी मैच में 49 गेंदों पर 81 रन की विस्‍फोटक पारी खेली। भारत ने सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया। जबकि वैभव ने 50.33 के औसत से 151 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड अपने नाम किया।