मुंबई के लिए खेलते हुए रहाणे शतक से चूक गए और 54 गेंद पर 95 रनों की पारी खेली है। इस दौरान उन्होंने चार छक्के और 9 चौके लगाए। अपनी इस पारी में रहाणे ने मात्र 23 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया।
Ajinkya Rahane, Andhra vs Mumbai, Syed Mushtaq Ali Trophy 2024: पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे का बल्ला थमने का नाम नहीं ले रहा है। डोमेस्टिक टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रहाणे का बल्ला आग उगल रहा है। ग्रुप ई का आखिरी लीग मुक़ाबला मुंबई और आंध्रा के बीच खेला गया। इस मैच में रहाणे ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया है।
हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मुंबई के लिए खेलते हुए रहाणे शतक से चूक गए और 54 गेंद पर 95 रनों की पारी खेली है। इस दौरान उन्होंने चार छक्के और 9 चौके लगाए। अपनी इस पारी में रहाणे ने मात्र 23 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया। यह उनका इस सीजन का तीसरा और टी20 करियर का 46वां अर्धशतक था। उनकी इस ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
रहाणे की इस बेहतरीन पारी की दम पर मुंबई ने 230 रनों का बड़ा लक्ष्य चेज़ करते हुए आंध्रा को चार विकेट से हरा दिया। यह आंध्रा की इस सीजन में पहली हार है। इसी के साथ मुंबई के 20 अंक हो गए हैं और उन्होंने ग्रुप ई में टेबल टॉप कर लिया है। टेबल टॉपर होने की वजह से मुंबई ने सीधे क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है।
रहाणे का बल्ला सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 में जमकर बोल रहा है। इससे पहले उन्होंने महाराष्ट्र के खिलाफ 34 गेंदों पर 52 रन और केरल के खिलाफ 35 गेंद पर 68 रनों की आतिशी पारी खेली थी।
रहाणे का बेहतरीन फॉर्म कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के लिए अच्छा संकेत है। केकेआर ने उन्हें मेगा ऑक्शन में बेस प्राइज़ 1.50 करोड़ में खरीदा है। उनके पास लंबे समय तक राजस्थान रॉयल्स (RR), भारतीय क्रिकेट टीम और मुंबई की कप्तानी करने का अनुभव है। ऐसे में केकेआर उन्हें आईपीएल 2025 के लिए टीम का कप्तान भी बना सकती है।