क्रिकेट

IND vs WI: 30 मैचों में विराट कोहली को चाहिए 14 शतक, अजिंक्य रहाणे ने बताया कैसे पूरा होगा 100 शतकों का सपना

India vs West Indies ODI: विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में शानदार शतक लगाकर इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 86 शतक पूरे कर लिए हैं। अब वह 100 इंटरनेशनल शतकों के ऐतिहासिक रिकॉर्ड से 14 शतक दूर हैं।
2 min read
• •
Sep 28, 2026
Virat Kohli 55th ODI Hundred
शतक के बाद बल्‍ला उठाते विराट कोहली। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/BCCI)

India vs West Indies 2026 ODI Series: वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले ही मुकाबले में विराट कोहली ने शानदार शतकीय पारी खेली। इस शतक की बदौलत वह 100 शतकों के थोड़ा और करीब पहुंच गए हैं। अब उनके इंटरनेशनल क्रिकेट में 86 शतक हो गए हैं और 100 शतक पूरा करने के लिए उन्हें 14 शतक और लगाने होंगे। टीम इंडिया के पूर्व टेस्ट कप्तान अजिंक्य रहाणे ने बताया है कि विराट कोहली कैसे 100 शतकों के महारिकॉर्ड को छू सकते हैं।

रहाणे ने बताया कब कोहली का आता है बेस्ट प्रदर्शन

उन्होंने क्रिकबज पर बात करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि जब विराट कोहली प्रेशर में खेलते हैं, तभी वह अपना बेस्ट प्रदर्शन देते हैं। हर पारी में उन्होंने ऐसा ही किया है। वह खुद से ऐसी उम्मीदें रखते हैं, इसलिए वह इतने सालों से लगातार बेहतर प्रदर्शन करते आ रहे हैं। अगर विराट कोहली 100 शतक के बारे में सोच रहे हैं, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है। सचिन उनके रोल मॉडल रहे हैं, इसलिए मुझे यकीन है कि वह इसके बारे में सोच रहे होंगे और मुझे लगता है कि यह रिकॉर्ड सिर्फ विराट कोहली ही हासिल कर सकते हैं।"

कोहली ने ऐलान कर दिया है कि वर्ल्डकप 2027 के बाद वह इस फॉर्मेट को भी अलविदा कह देंगे। ऐसे में वर्ल्डकप तक उनके पास कम से कम अभी 30 मैच बचे हैं, जिसमें वर्ल्ड कप के मुकाबले भी शामिल हैं। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके हैं और सिर्फ वनडे फॉर्मेट ही खेल रहे हैं। उन्होंने यह भी कह दिया है कि 2027 वर्ल्ड कप उनका आखिरी टूर्नामेंट हो सकता है। ऐसे में बचे हुए लगभग 30 मुकाबलों में 14 शतक जोड़ना आसान काम नहीं है, लेकिन रहाणे को विश्वास है कि विराट कोहली इस उपलब्धि को हासिल कर सकते हैं।

अजिंक्य रहाणे ने कहा, "जितना मैं जानता हूं, विराट कोहली के दिमाग में यह आंकड़े चल रहे होंगे और इसके साथ-साथ वह यह भी सुनिश्चित करना चाहेंगे कि जब तक वह खेल रहे हैं, इस खेल का आनंद लें।"

गुवाहाटी में दूसरा वनडे मैच

भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला गुवाहाटी में 30 सितंबर को खेला जाएगा। इसके बाद आखिरी मैच 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ के पीसीए क्रिकेट स्टेडियम में होगा। वेस्टइंडीज के बाद भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी, जहां पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए जाएगी। इसके बाद टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज और फिर जिंबॉब्वे के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए जाएगी।

Updated on:
28 Sept 2026 03:01 pm
Published on:
28 Sept 2026 02:49 pm