
Akash Madhwal to join CSK: आईपीएल 2026 की अन्य टीमों की तरह चेन्नई सुपर किंग्स भी चोटों की वजह से काफी परेशान है। पहले ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नॉथन एलिस हैमस्ट्रिंग में चोट की वजह से टीम में शामिल नहीं हो पाए, फिर एमएस धोनी ट्रेनिंग के दौरान चोटिल हो गए और अब तेज गेंदबाज खलील अहमद टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। इसी बीच रिपोर्ट आ रही है कि मुंबई इंडियंस के पूर्व गेंदबाज आकाश मधवाल चेन्नई के कैंप से जुड़ गए हैं और उन्हें नेट्स में भी देखा गया है। हालांकि अभी तक सीएसके की ओर से पुष्टि नहीं की गई है।
आकाश मधवाल पिछले साल तक राजस्थान रॉयल्स के साथ थे, लेकिन नीलामी से पहले टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया था। उससे पहले उन्होंने एमआई के साथ दो साल बिताए थे, जहां उन्होंने 13 मैचों में 19 विकेट लिए। क्रिकबज की रिपोर्ट की मानें तो ट्रायल के लिए कुछ और गेंदबाज मौजूद थे, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि वे कौन थे।
खलील के रिप्लेसमेंट को लेकर जल्द ही कोई फैसला लिया जा सकता है और उसका ऐलान भी किया जा सकता है। साथ ही इस बात की भी काफी संभावना है कि अगर मधवाल को टीम में शामिल किया जाता है, तो उन्हें सीधे प्लेइंग इलेवन में जगह मिल सकती है। कई लोगों को उम्मीद है कि एमएस धोनी अगले हफ़्ते तक मैच के लिए पूरी तरह फ़िट हो जाएंगे, लेकिन जाहिर है कि इस बारे में फैसला लेने का अधिकार खुद इस अनुभवी खिलाड़ी के पास ही है।
सीएसके के सूत्रों ने टीओआई को बताया कि धोनी अभी भी अपना रिहैब कर रहे हैं और हम उनकी फ़िटनेस को लेकर कोई भी जोखिम नहीं उठाना चाहते। सीएसके के लिए अब तक यह एक निराशाजनक सीजन रहा है। जहां उन्होंने 5 में से सिर्फ दो मैच जीते हैं। वे अभी 8वें स्थान पर हैं और पिछले कुछ सीजनों के मुक़ाबले इस बार अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहेंगे, क्योंकि उन सीजनों में वे प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रहे थे।
रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन, एमएस धोनी, डेवाल्ड ब्रेविस, आयुष म्हात्रे, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, सरफराज खान, नूर अहमद, अकील होसेन, गुरजापनीत सिंह, मैट हेनरी, जेमी ओवरटन, मैट शॉर्ट, उर्विल पटेल, अमन खान, जैक फॉल्क्स, रामकृष्ण घोष, राहुल चाहर, स्पेंसर जॉनसन और मुकेश चौधरी।