Alyssa Healy Retirement: ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। उन्होंने घोषणा की है कि वह फरवरी में भारत के खिलाफ मल्टी-फॉर्मेट सीरीज के बाद क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लेंगी।
Alyssa Healy Retirement: T20 वर्ल्ड कप से कुछ महीने पहले ही ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली ने अचानक क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। हीली ने आज 13 जनवरी को घोषणा की कि वह भारत के खिलाफ मल्टी-फॉर्मेट सीरीज के बाद क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायर हो जाएंगी। वह अपना 6 मार्च से पर्थ के वाका ग्राउंड में टेस्ट मैच के साथ अपना करियर खत्म करेंगी।
35 वर्षीय हीली का सबसे छोटे फॉर्मेट से रिटायरमेंट तुरंत प्रभावी है। वह तीन T20 इंटरनेशनल मैचों में हिस्सा नहीं लेंगी, जो फरवरी में भारत के मल्टी-फॉर्मेट दौरे की शुरुआत में होंगे। इसका मतलब है कि वह अपने होमटाउन में फेयरवेल का मौका चूक जाएंगी, क्योंकि पहला T20I ही सीरीज का एकमात्र मैच है, जो सिडनी में खेला जाएगा।
अगर हीली भारत के खिलाफ सभी तीन वनडे खेलती हैं (ब्रिस्बेन और उसके बाद होबार्ट में दो) तो वाका टेस्ट ऑस्ट्रेलिया के लिए उनका 299वां और आखिरी इंटरनेशनल मैच होगा, जो उनके 36वें जन्मदिन से ठीक पहले खेला जाएगा।
हीली महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर सबसे सफल विकेटकीपर रिटायर होंगी। उन्होंने अब तक तीनों फॉर्मेट में 269 डिसमिसल किए हैं, जिसमें 10 टेस्ट में 24, 123 वनडे में 119 और 162 टी20I में 126 विकेट शामिल हैं। वह अपने देश की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली ऑल-फॉर्मेट खिलाड़ियों में से एक रही हैं। उन्होंने 30 के औसत से 7,106 रन बनाए हैं, जो ऑस्ट्रेलियाई महिलाओं में सिर्फ मेग लैनिंग (8,352) और एलिस पेरी (7,607) से पीछे हैं।