क्रिकेट

रन लेते समय शरीर पर लगी गेंद, तो बल्लेबाज को अंपायर ने दिया आउट, जानें किस नियम की वजह से आउट हुए रघुवंशी

IPL 2026, LSG vs KKR: आईपीएल 2026 के मैच 38 में अंकित रघुवंशी “Obstructing the Field” के तहत आउट दिए गए, जिससे बड़ा विवाद खड़ा हो गया। यह आईपीएल इतिहास में चौथा ऐसा मामला है, जिसने मैच में ड्रामा बढ़ा दिया।

2 min read
Apr 26, 2026
Obstructing the Field IPL, Ankit Raghuvanshi Out
अंगकृष रघुवंशी (फोटो- IANS)

Ankit Raghuvanshi Obstructing the Field in IPL: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 38वां मुकाबला इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से हो रहा है। इस मैच में लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पारी के पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर बड़ा विवाद देखने को मिला, जब केकेआर के बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को रन लेते समय गेंद शरीर पर लगने की वजह से आउट दे दिया गया।

लखनऊ की ओर से प्रिंस यादव गेंदबाजी कर रहे थे और स्ट्राइक पर अंकित रघुवंशी मौजूद थे, जबकि नॉन-स्ट्राइकर एंड पर कैमरून ग्रीन खड़े थे। आखिरी गेंद पर रघुवंशी ने शॉट खेलकर रन लेने की कोशिश की, लेकिन ग्रीन ने उन्हें वापस भेज दिया। इसी दौरान फील्डर ने गेंद उठाकर थ्रो किया, जो रघुवंशी को लग गई। रघुवंशी क्रीज में पहुंच गए, लेकिन मोहम्मद शमी और कप्तान ऋषभ पंत ने “Obstructing the Field” के तहत अपील कर दी। मामला थर्ड अंपायर के पास गया और रिप्ले देखने के बाद रघुवंशी को आउट करार दिया गया।

इस फैसले के बाद केकेआर खेमे में नाराजगी देखने को मिली। अंकित रघुवंशी काफी निराश दिखे और गुस्से में उन्होंने अपना हेलमेट तक फेंक दिया। टीम मैनेजमेंट की ओर से भी अंपायर से बहस हुई, लेकिन फैसला नहीं बदला।

पहली बार बल्लेबाज ऐसे नहीं हुआ आउट

यह आईपीएल इतिहास में चौथा मौका है जब किसी बल्लेबाज को “Obstructing the Field” के तहत आउट दिया गया। इससे पहले यूसुफ पठान (2013), अमित मिश्रा (2019) और रविंद्र जडेजा (2024) इस तरह आउट हो चुके हैं। नियम के अनुसार, यदि बल्लेबाज जानबूझकर गेंद को विकेट पर लगने से रोकने के लिए अपने शरीर या बैट का इस्तेमाल करता है, तो उसे आउट दिया जा सकता है। इसी नियम के तहत रघुवंशी को पवेलियन लौटना पड़ा।

आपको बता दें कि कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रदर्शन इस सीजन अच्छा नहीं रहा है और टीम प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हो चुकी है। अब तक 7 में से सिर्फ 1 मैच जीतने वाली केकेआर आखिरी स्थान पर है। दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम उनसे एक पायदान ऊपर 9वें स्थान पर है। LSG ने भी अब तक 7 मैच खेले हैं और 2 में जीत हासिल की है। ऋषभ पंत एंड टीम की भी हालत खराब है और एक मैच हारते ही उनके भी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाएं लगभग खत्म हो जाएंगी।

Updated on:
26 Apr 2026 08:57 pm
Published on:
26 Apr 2026 08:54 pm