
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा टेस्ट इस समय लॉर्ड्स में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में बारिश के कारण काफी समय बर्बाद हो चुका है। मैच का पहला दिन बारिश में धुल गया। जिसके बाद आज सुबह में मैच शुरू हो हुआ, लेकिन फिर बारिश के कारण खेल को रोकना पड़ा। इस खेल में अबतक मात्र 8.3 ओवर की गेंदबाजी हुई है। जिसमें भारतीय टीम 15 रन बना चुकी है। हालांकि इस स्कोर तक पहुंचने के क्रम में भारत को तीन बड़े झटके भी लग चुके है। इस मैच से इतर लॉर्ड्स में सचिन तेंदुलकर के पुत्र अर्जुन तेंदुलकर ने कुछ ऐसा किया कि उनकी जमकर तारीफ की जा रही है।
ग्राउंड स्टाफ की मदद की-
दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर इन दिनों लंदन के लॉर्ड्स मैदान में ग्राउंड स्टाफ की मदद करते नजर आ रहे हैं। लॉर्डस क्रिकेट ग्राउंड ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक ट्विटर पर एक तस्वीर पोस्ट की है जिसमें लिखा गया, "अर्जुन तेंदुलकर न सिर्फ एमसीसी यंग क्रिकेटर्स के साथ हाल ही में ट्रेनिंग कर रहे थे, बल्कि वह हमारे ग्राउंड स्टाफ की मदद भी कर रहे हैं।
हाल ही में मिली थी भारतीय टीम में जगह-
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जुन ने हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ अंडर-19 क्रिकेट में पदार्पण किया था, जहां उन्होंने अपना पहला विकेट लिया था। अर्जुन मेरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के साथ लॉर्डस मैदान में अभ्यास भी करते हैं। उन्होंने ने दूसरे टेस्ट से पहले भारतीय बल्लेबाजों को अभ्यास कराने में हिस्सा लिया था।
पिता की राह पर अर्जुन-
अर्जुन अपने पिता और भारत के सबसे बड़े क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के नक्शेकदम पर चल रहे है। ये बात और है कि सचिन ने बतौर बल्लेबाज अपनी पहचान बनाई और अर्जुन एक तेज गेंदबाज के रूप में अपनी पहचान बनाने की कोशिश में जुटे है।