
ICC T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतने की खुशी अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) के लिए एक बुरी खबर सामने आ गई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में आचार संहिता के उल्लंघन के चलते अर्शदीप सिंह पर उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 के तहत अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी खिलाड़ी पर अनुचित या खतरनाक तरीके से गेंद फेंकने को लेवल-1 वॉइलेशन माना गया है।
जुर्माने के अलावा उनके डिसिप्लिन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है। यह 24 महीनों में उनका पहला उल्लंघन है। अर्शदीप ने एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट के प्रस्तावित दंड को स्वीकार कर लिया, जिससे औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
यह पूरा विवाद न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में भड़का, जब अर्शदीप उस मैच में अपना दूसरा स्पेल डाल रहे थे। डेरिल मिचेल उस समय आक्रामक मूड में थे और उन्होंने इसी ओवर में अर्शदीप को लगातार दो छक्के जड़े थे। ओवर की पांचवी गेंद पर मिचेल ने एक यॉर्कर को सीधे गेंदबाज की तरफ खेला। फॉलो-थ्रू में गेंद हाथ में आते ही अर्शदीप ने उसे स्टंप्स की दिशा में फेंका, लेकिन गेंद सीधे मिचेल के शरीर पर जा लगी। मिचेल इस घटना से बेहद नाराज हुए और आक्रामक रूप से अर्शदीप की तरफ बढ़े। मैदानी अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ ने अर्शदीप से बात कर उन्हें संयम बरतने की हिदायत दी। अर्शदीप का कहना था कि उन्होंने रन आउट का प्रयास किया था, लेकिन गेंद हवा में रिवर्स हो गई और मिचेल से जा टकराई। इस घटना पर अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ, एलेक्स व्हार्फ, थर्ड अंपायर अल्लाहउद्दीन पलेकर और फोर्थ अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक ने मिलकर आरोप तय किए।
स्थिति को बिगड़ते देख भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव तुरंत पिच कि ओर दौड़ पड़े और मिचेल के पास पहुंचकर अपनी टीम की ओर से माफी मांगते हुए उन्हें शांत किया। ओवर खत्म होते ही ब्रेक के दौरान अर्शदीप खुद भी मिचेल के पास गए, हाथ मिलाया और गले मिलकर माफी मांगी। बाद में मैच के बाद अर्शदीप ने हर्षा भोगले को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि उन्होंने जश्न मनाने से पहले भी सीधे मिचेल के पास जाकर फिर एक बार माफी मांगी। माफी के बावजूद ICC ने नियमों के अनुसार कार्रवाई की। गौरतलब है कि भारत ने यह फाइनल 96 रन के बड़े अंतर से जीतकर तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया।