क्रिकेट

U19 Asia Cup 2026: आर्यवीर सहवाग का आया तूफान! 20 ओवर के पहले ही टीम इंडिया ने जीता वनडे मुकाबला

Aryavir Sehwag Fifty: अंडर 19 एशिया कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने नेपाल को 10 विकेट से रौंद डाला। आर्यवीर सहवाग की तूफानी पारी की बदौलत मेन इन ब्ल्यू ने 19.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 4:08 PM IST
Aryavir Sehwag
आर्यवीर सहवाग (फोटो- Sony Sports Networks Screenshot)

India U19 vs Nepal U19 Highlights: शुक्रवार को अंडर-19 एशिया कप 2026 के चौथे मुकाबले में भारतीय टीम ने नेपाल को 10 विकेट से हरा दिया। इस मुकाबले में पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने धमाकेदार बल्लेबाजी की और 52 गेंदों में नाबाद 70 रन की पारी खेल डाली। इस दौरान उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 4 छक्के लगाए। जूनियर सहवाग की इस ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने 19.1 ओवर में ही 129 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया।

नेपाल की शुरुआत रही खराब

ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। नेपाल की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 27 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। ईशान सूद ने प्रसिद्ध जैशी और सूर्यांशु कोइराला को आउट किया। इसके बाद उन्होंने निश्चल छेत्री को भी बिना खाता खोले पवेलियन की राह दिखा दी। ये तीनों बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू पाए।

इसके बाद सलामी नीरज कुमार यादव के 20, दर्श सोनार के 43 और आशीष लोहार ने 29 रन की पारियों की बदौलत नेपाल शुरुआती झटकों से उबरने में सफल रही। हालांकि इन तीनों के आउट होने के बाद कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को छू भी नहीं सका और पूरी टीम 128 रन पर ढेर हो गई। एक समय नेपाल ने 94 रन पर 5 विकेट गंवाए थे और लग रहा था कि टीम इंडिया के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रख देगी। हालांकि ऐसा हो नहीं पाया। भारत की ओर से अर्जुन राजपूत और ईशान सूद ने तीन-तीन विकेट चटकाए, तो यशवीर गौड़ को दो सफलताएं मिलीं।

जूनियर सहवाग ने जड़ा तूफानी अर्धशतक

129 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत धमाकेदार रही। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने ताबड़तोड़ शुरुआत दी और पहले 10 ओवर में बिना विकेट गंवाए 61 रन बना लिए। इसके बाद भी दोनों बल्लेबाजों का बल्ला चलता रहा। हालांकि, आर्यवीर सहवाग ज्यादा तेज गति से रन बनाते नजर आए। उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया और उसके बाद भी रनों की बारिश जारी रखी। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर भारतीय टीम को 19.1 ओवर में ही जीत दिला दी।

अब टीम इंडिया का अगला मुकाबला पाकिस्तान से होगा, जो इसी मैदान पर 8 नवंबर को खेला जाएगा। वहीं, दूसरी ओर नेपाल की टीम यूएई से भिड़ेगी।

Updated on:
6 Nov 2026, 4:08 PM IST
Published on: