क्रिकेट

एशेज का दूसरा दिन भी गेंदबाजों के नाम

गाबा मैदान पर खेले जा रहे इस मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को दोनों टीमों के कुल 10 विकेट गिरे।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2017, 4:52 PM IST
Steve Smith,Australian bowler,England cricket team,Ashes,Australia cricket,ashes test,

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा एशेज सीरीज के पहले टेस्ट का दूसरा दिन गेंदबाजों के नाम रहा। गाबा मैदान पर खेले जा रहे इस मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को दोनों टीमों के कुल 10 विकेट गिरे। अपने पहले दिन के स्कोर चार विकेट पर 196 रनों से आगे खेलने उतरी इंग्लैंड दूसरे दिन अपनी पहली पारी में 302 रनों पर ऑल आउट हो गई जबकि आस्ट्रेलिया ने दिन का खेल खत्म होने तक 164 रनों पर अपने चार विकेट खो दिए हैं।

स्मिथ का अर्धशतक
ऑस्ट्रेलिया अभी भी इंग्लैंड से 137 रन पीछे है। कप्तान स्टीवन स्मिथ 148 गेंदों में छह चौकों की मदद से 64 रन बनाकर खेल रहे हैं। शॉन मार्श 44 रन बनाकर खेल रहे हैं। मार्श और स्मिथ के बीच अभी तक 89 रनों की साझेदारी हो चुकी है। आस्ट्रेलिया के लिए यह साझेदारी अहम समय पर आई। मेजबान टीम ने 76 रनों पर ही अपने चार विकेट खो दिए थे।

लड़खड़ाई ऑस्ट्रेलिया टीम
मैच से पदार्पण कर रहे कैमरून बेनक्रॉफ्ट (5) सात के कुल स्कोर पर स्टुअर्ट ब्रॉड का शिकार बने। उस्मान ख्वाजा 11 रन ही बना सके और मोइन अली की गेंद पर 30 के कुल स्कोर पर पगबाधा करार दे दिए गए। डेविड वार्नर (26) को जैक बाल ने अपना शिकार बनाया। पीटर हैंड्सकॉम्ब के बल्ले से सिर्फ 14 रन निकले। उनकी पारी का अंत जेम्स एंडरसन ने 76 के स्कोर पर किया। यहां से कप्तान स्मिथ और मार्श ने विकेट पर अपने पैर जमा लिए और दिन का खेल खत्म होने तक और कोई विकेट नहीं गिरने दिया।

इंग्लैंड के लिए डेविड मलान का अर्धशतक
इससे पहले, अपने पहले दिन के स्कोर से आगे खेलने उतरी इंग्लैंड ने डेविड मलान (56) के रूप में दिन का पहला झटका लगा। गुरुवार को 28 के निजी स्कोर पर नाबाद लौटने वाले मलान अर्धशतक पूरा करने के थोड़ी ही देर बाद 246 के कुल स्कोर पर मिशेल स्टार्क का शिकार हो गए। इंग्लैंड के खाते में तीन रन ही जुड़े थे कि मोइन अली (38) को नाथन लॉयन ने अपना शिकार बनाया। अंत में ब्रॉड ने 20 और जैक बाल ने 14 रनों की पारियां खेल इंग्लैंड को 300 के पार पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से स्टार्क और कमिंस ने तीन-तीन विकेट लिए। लॉयन को दो सफलताएं मिलीं। जोश हेजलवुड को एक विकेट मिला।

Updated on:
24 Nov 2017, 4:52 PM IST
Published on: