
नई दिल्ली। एशेज सीरीज के पहले टेस्ट मैच के पहले दिन गुरुवार को आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड के चार विकेट 196 रनों पर चटका दिए। गाबा मैदान पर खेले जा रहे इस मैच में रोशनी कम होने के कारण दिन का खेल जल्दी खत्म कर दिया गया। पहले दिन सिर्फ 80.3 ओवर ही फेंके जा सके। डेविड मलान 28 और मोइन अली 13 रन बनाकर नाबाद हैं।
मैच का हाल
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड के लिए मार्क स्टोनमैन (53) और जेम्स विंस (83) ने दूसरे विकेट के लिए 125 रनों की साझेदारी की। स्टोनमैन के आउट होते ही जैसे ही यह साझेदारी टूटी, मेजबान टीम के गेंदबाजों ने अच्छी वापसी करते हुए इंग्लैंड को परेशानी में डाल दिया। मैच शुरू होने के बाद जल्द ही एलिस्टर कुक (2) दो रनों के कुल स्कोर पर मिशेल स्टार्क की गेंद पर पीटर हैंड्सकॉम्ब को कैच देकर पवेलियन लौट गए।
स्टोनमैन और विंस ने टीम को संभाला
कुक के साथ पारी की शुरुआत करने आए स्टोनमैन और विंस ने टीम को संभाल लिया। इन दोनों खिलाड़ियों के पास हालांकि ज्यादा अनुभव नहीं है, लेकिन इस जोड़ी ने बिना किसी परेशानी के मेजबान टीम के गेंदबाजी आक्रमण का सामना किया। स्टोनमैन की पारी का अंत पैट कमिंस ने उन्हें 127 के कुल स्कोर पर बोल्ड करते हुए किया। स्टोनमैन ने 159 गेंदों का सामना किया और तीन चौके लगाए। टीम के खाते में सिर्फ 18 रन ही जुड़े थे कि विंस रन लेने की जल्दबाजी में रन आउट होकर पवेलियन लौट लिए। वह शतक से 17 रनों से चूक गए। यह उनके टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर और पहला अर्धशतक है। इससे पहले उनका सर्वोच्च स्कोर 42 था।
जोए रूट मात्र 15 रन बना कर आउट हुए
कप्तान जोए रूट 15 रनों का ही योगदान दे सके। उनको कमिंस ने अपना दूसरा शिकार बनाया। इसके बाद आलराउंडर खिलाड़ी मोइन अली और डेविड मलान ने आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के हाथों और कोई सफलता नहीं लगने दी। दोनों के बीच अभी तक पांचवें विकेट के लिए 33 रनों की साझेदारी हो चुकी है।डेविड ने अभी तक अपनी पारी में 64 गेंदों का सामना किया है और छह चौके लगाए हैं। मोइन ने 31 गेंदों में सिर्फ एक चौका लगाया है।
आस्ट्रेलिया ने अपने चार गेंदबाजों को आजमाया लेकिन सिर्फ स्टार्क और कमिंस को ही सफलता मिल सकी। नाथन लॉयन और जोश हेजलवुड पहले दिन खाली हाथ लौटे।
Published on:
23 Nov 2017, 3:45 PM IST
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.