
R Ashwin on Ravindra Jadeja: भारतीय टीम ने मेजबान श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में 165 रन से शानदार जीत दर्ज करते हुए दो मैचों की सीरीज में 1-0 से अजेय बढ़त बना ली है। टीम इंडिया की इस जीत के हीरो युवा खिलाड़ी मानव सुथार और देवदत्त पड्डिकल रहे। वहीं, अनुभवी हरफनमौला खिलाड़ी रवींद्र जडेजा ने भी गेंद से शानदार प्रदर्शन किया। लेकिन, पूर्व ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने पडिक्कल और सुथार की तारीफ की है। वहीं, उन्हें यह भी लगता है कि जडेजा पहले जैसे अटैकिंग नहीं रहे हैं।
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर रवींद्र जडेजा और मानव सुथार को लेकर कहा कि दोनों बिल्कुल अलग तरह के स्पिन गेंदबाज हैं। सुथार की ताकत उनके हाथों में बॉल रोटेशन है। उनके प्रदर्शन को देखते हुए अब हर कोई उनके बारे में ही बात करेगा। वहीं, जडेजा विकेटों पर बॉलिंग करते हैं और अपनी स्टॉक बॉल से आपको नियंत्रण भी देते हैं। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि जडेजा अब उतने अटैकिंग स्पिनर नहीं रहे है। वह अपने अनुभव की वजह से ज्यादा प्रभावी हो गए हैं। यह बुरी बात नहीं है।
अश्विन ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय टीम के प्रदर्शन की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि गॉल में पहली पारी का औसत स्कोर 433 है। जबकि भारत ने टॉस जीतकर 450 से ज्यादा रन बनाए, तो उस समय सभी को पता चल गया था कि श्रीलंका के लिए यह मुश्किल होने वाला है। हालांकि श्रीलंका बहुत अच्छा खेली और एक युवा टीम को अच्छी टक्कर दी। देवदत्त पडिक्कल भी जबरदस्त थे। ध्रुव जुरेल ने भी अच्छा खेला। ऋषभ पंत ने दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी की। केएल राहुल की बैटिंग स्टैंडर्ड थी।
बता दें कि टीम इंडिया के लिए देवदत्त पडिक्कल ने गॉल टेस्ट में कुल 211 रन बनाए। पहली पारी में जहां उन्होंने 167 रनों की जबरदस्त शतकीय पारी खेली, तो दूसरी पारी में भी 44 रन बनाए। इस उम्दा प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। वहीं, मानव सुथार ने मानव सुथार ने भारत के लिए पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 6 विकेट चटकाए। जबकि अनुभवी रवींद्र जडेजा ने पहली पारी में तीन विकेट तो दूसरी पारी में एक विकेट लिया।