क्रिकेट

Asia Cup 2018: जीत के बाद राजस्थानी छोरे खलील ने थामी ट्रॉफी, टीम इंडिया ने जमकर मनाया जश्न

एशिया कप 2018 का फाइनल जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम की ओर से सबसे युवा क्रिकेटर खलील अहमद ने ट्रॉफी थामी।
2 min read
• •
Updated: 29 Sep 2018, 11:44 AM IST
asia cup
Asia Cup 2018: जीत के बाद राजस्थानी छोरे खलील ने थामी ट्रॉफी, टीम इंडिया ने जमकर मनाया जश्न

नई दिल्ली। एशिया कप 2018 के फाइनल मुकाबले में शुक्रवार को भारत ने बांग्लादेश को मात देते हुए रिकॉर्ड सातवीं बार चैंपियन बनने का रुतबा हासिल किया। टूर्नामेंट की गत विजेता भारत ने शुक्रवार देर रात दुबई अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में बांग्लादेश को तीन विकेट से मात दी। इस जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने जमकर जश्न मनाया। जीत के बाद अवार्ड सेरेमनी में ट्रॉफी टीम के सबसे युवा क्रिकेटर खलील अहमद थामें दिखे। खलील ने इसी टूर्नामेंट के दौरान एकदिवसीय क्रिकेट में अपना पहला मैच खेला था। राजस्थान के इस तेज गेंदबाज ने टूर्नामेंट के दौरान अपनी प्रतिभा का लोहा भी मनवाया।

टॉफी थामी तस्वीरें खिचवाई-
अवार्ड सेरेमनी के दौरान जैसे ही रोहित शर्मा को ट्रॉफी थमाई गई, उसके तुरंत बाद रोहित ने ट्रॉफी खलील अहमद को दे दी। इसके बाद पूरे सेरेमनी के दौरान ट्रॉफी ज्यादातर समय खलील अहमद के हाथों में भी दिखी। इस दौरान विनर टीम की फोटोग्रॉफी भी की गई। साथ ही बाद में खलील ने अकेले ट्रॉफी के साथ भी तस्वीरें क्लिक करवाई।

खलील को ट्रॉफी थामे देख राजस्थान में खुशी-

अपने राज्य के एक उदीयमान क्रिकेटर के हाथों में ट्रॉफी देख राजस्थान के क्रिकेट प्रेमियों में जश्न का माहौल है। राज्यस्तरीय क्रिकेट में खलील के साथ खेल चुके एक क्रिकेटर ने बताया कि खलील के हाथों में ट्रॉफी देख कर हमसब काफी खुश है। बताते चले कि ये कोई पहला मौका नहीं है, जब जीत के बाद युवा क्रिकेटर को ट्रॉफी थमाई गई हो। पहले भी भारतीय टीम जब भी कोई टूर्नामेंट जीतती है तो टीम के सबसे युुवा क्रिकेटर को ट्रॉफी थमाई जाती है।

जमकर मनाया गया जश्न-
जीत के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने जमकर जश्न भी मनाया। जश्न के दौरान सभी खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में एक साथ दिखे। जश्न का ये सिलसिला देर रात तक चलता रहा। बताते चले कि यह भारतीय टीम की एशिया कप के फाइनल में सातवीं जीत है। इससे पहले भारत ने साल 1984, 1988, 1990-91, 1995, 2010 और 2016 में एशिया कप का खिताब जीता था।

बांग्लादेश ने जीता दिल-
बांग्लादेश की टीम भले ही खिताब जीतने से महरूम रह गई हो लेकिन जिस तरह का प्रदर्शन बांग्लादेशी क्रिकेटरों ने दिखाया उससे उन्होंने करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया। बांग्लादेश की टीम तीसरी बार फाइनल में पहुंच कर खिताब से चूक गई। 2016 में खेले गए पिछले संस्करण में भी भारत ने बांग्लादेश को ही मात देकर ट्रॉफी उठाई थी।

Published on: