
Team India in Asia Cup 2027: आईसीसी क्रिकेट वर्ल्डकप 2027 से पहले एशिया कप वनडे फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसमें एशिया की टॉप टीमें हिस्सा लेंगी। इस टूर्नामेंट का भारतीय टीम बायकॉट कर सकती है। टीम इंडिया ने 7 बार वनडे फॉर्मेट का खिताब जीता है, तो 5 बार श्रीलंका और 2 बार पाकिस्तान ने ट्रॉफी उठाई है। एशिया कप 2027 की मेजबानी बांग्लादेश को मिली है और यह टूर्नामेंट 18 जून से 4 जुलाई के बीच खेला जाएगा।
ACC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से तीन स्टेडियम उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, जहां मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। हालांकि, अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भारतीय टीम इस एशिया कप में हिस्सा लेगी? 2026 टी20 वर्ल्डकप की मेजबानी भारत और श्रीलंका ने मिलकर की थी। उस दौरान बांग्लादेश के पहले राउंड के मुकाबले भारत में होने थे, लेकिन बांग्लादेश भारत में न खेलने की अपनी जिद पर अड़ा रहा, जिसकी वजह से उसे टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था।
अब ऐसे में सवाल यह है कि जिस देश ने भारत में आईसीसी टूर्नामेंट खेलने से इनकार किया था, क्या भारतीय टीम अब उसी देश में जाकर एशिया कप खेलेगी?
बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ उत्पीड़न की घटनाओं के बाद बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के कोलकाता नाइट राइडर्स में खेलने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें टीम से बाहर कर दिया। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट ने टी20 वर्ल्ड कप का बायकॉट करने का मन बना लिया। उसका कहना था कि अगर आईपीएल में हमारे खिलाड़ी सुरक्षित नहीं हैं, तो पूरी टीम भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने कैसे जा सकती है?
हालांकि, भारत और आईसीसी की ओर से सुरक्षा की गारंटी दिए जाने के बाद भी बांग्लादेश अपने रुख पर कायम रहा और बाद में उसे टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। उसकी जगह स्कॉटलैंड को टी20 वर्ल्ड कप में एंट्री मिली। इस पूरे घटनाक्रम के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल हुई और सरकार बदल गई। इसके बाद तमीम इकबाल बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के नए अध्यक्ष बने। तमीम इकबाल हमेशा से ही भारत के पक्ष में रहे हैं। हालांकि, भारतीय फैंस अब भी यह नहीं भूले हैं कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश ने भारत में खेलने का बायकॉट किया था।
ऐसे में अगर भारतीय टीम बांग्लादेश में खेलने नहीं जाती है, तो उसके मुकाबले दुबई या श्रीलंका में आयोजित किए जा सकते हैं।