
हार के बाद इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की खिलाड़ी (फोटो- ICC)
ENG W vs AUS W Highlights: वूमेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड को अपने घर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने सातवीं बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया, जबकि इंग्लैंड का एक बार फिर चैंपियन बनने का सपना अधूरा रह गया। इस मुकाबले में इंग्लैंड से 3 बड़ी चूक हुई, जिसकी वजह से घर में वह चैंपियन बनने से चूक गए।
लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 150 रन बनाए, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने 17.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दोनों सलामी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं। यह इंग्लैंड की सबसे बड़ी गलती साबित हुई। शुरुआती दबाव के कारण आने वाले बल्लेबाज आक्रामक शॉट नहीं खेल पाईं।
सीवर ब्रंट ने अर्धशतकी पारी जरूर खेली लेकिन धीनी रनगति ने इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ा दीं। इसके बाद हीदर नाइट सस्ते में आउट हो गईं और एलिसे कैप्सी ने 20 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 23 रन की पारी खेली। आखिरी ओवरों में फ्रेया कैंप ने 28 गेंदों में 44 रन की तेज पारी खेली, जिसकी बदौलत इंग्लैंड 150 रन तक पहुंच सका।
इंग्लैंड के मिडिल ऑर्डर ने रन जरूर बनाए लेकिन रनगति नहीं बढ़ा सकी। जिसका फायदा ऑस्ट्रेलिया ने उठाया। जब इंग्लैंड 150 रन के लक्ष्य का बचाव करने उतरा तो उसकी शुरुआत अच्छी रही और उसने शुरुआती विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को झटका दिया। लेकिन इसके बाद इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बनाने में नाकाम रहा। बेथ मूनी के 64 रन और फोबे लिचफील्ड के 48 रन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया जीत की दहलीज तक पहुंच गया और आखिरकार 17.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर सातवीं बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया।
इस मुकाबले में इंग्लैंड के ओपनर्स का फ्लॉप शो के बाद मध्य के बल्लेबाजों की धीमी गति से बल्लेबाजी और फिर शुरुआती विकेट हासिल करने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बनाने में नाकाम रहने की वजह से टीम को हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड ने आखिरी बार 2009 में टी20 वर्ल्डकप का खिताब जीता था। उसके बाद वह वूमेंस टी20 वर्ल्डकप में फाइनल में 4 बार तो ऑस्ट्रेलिया से हार चुकी है।
Updated on:
06 Jul 2026 10:12 am
Published on:
06 Jul 2026 10:12 am
