
बेथ मूनी के दम पर ऑस्ट्रेलिया बना सातवीं बार चैंपियन। फोटो सोर्स-IANS
England vs Australia Women's Final: लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान (Lord's ground) पर रविवार (5 जुलाई) को खेले गए महिला टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने एक बार फिर अपना दबदबा साबित किया। ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। यह महिला टी20 विश्व कप का 10वां संस्करण था और ऑस्ट्रेलिया ने रिकॉर्ड सातवीं बार ट्रॉफी जीतकर अपनी बादशाहत कायम रखी।
151 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 17.1 ओवर में सिर्फ 3 विकेट गंवाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। जीत की सबसे बड़ी नायिका स्टार बल्लेबाज बेथ मूनी (Batsman Beth Mooney) रहीं, जिन्होंने शानदार अर्धशतक जड़कर टीम को आसान जीत दिलाई।
महिला टी20 विश्व कप (women's t20 world cup) के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा लगातार कायम रहा है। टीम ने 2010, 2012, 2014, 2018, 2020, 2023 और अब 2026 में खिताब अपने नाम किया है। इसके अलावा 2016 में ऑस्ट्रेलिया उपविजेता रही थी, जब वेस्टइंडीज ने ट्रॉफी जीती थी।
इस टूर्नामेंट का पहला संस्करण 2009 में इंग्लैंड में खेला गया था, जहां मेजबान टीम पहली चैंपियन बनी थी। इसके बाद वेस्टइंडीज (2016) और न्यूजीलैंड (2024) भी एक-एक बार विजेता बनने में सफल रहे। वहीं, इंग्लैंड 3 बार उपविजेता रही है, जबकि न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका 2-2 बार फाइनल हार चुकी हैं। भारतीय टीम भी एक बार उपविजेता रह चुकी है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने सिर्फ 7 रन के स्कोर पर एमी जोन्स का विकेट गंवा दिया। इसके बाद कप्तान नट साइवर-ब्रंट और डैनी वायट-हॉज ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन रन की स्पीड अपेक्षाकृत धीमी रही।
वायट-हॉज 8 रन बनाकर आउट हो गईं। हालांकि, इस दौरान उन्होंने टूर्नामेंट में अपने 300 रन पूरे किए और महिला टी20 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
एक छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे, लेकिन कप्तान नट साइवर-ब्रंट (Captain Nat Sciver-Brunt) ने संयम बनाए रखा। उन्होंने 46 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और अंत तक नाबाद रहीं। उन्होंने ने 53 गेंदों में 58 रन बनाए, जिसमें 5 चौके शामिल रहे।
दूसरे छोर पर फ्रेया कैम्प (Freya Camp) ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने अंतिम ओवरों में तेजी से रन जोड़ते हुए 28 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। दोनों बल्लेबाजों की बदौलत इंग्लैंड निर्धारित 20 ओवर में 150 रन तक पहुंचने में सफल रहा। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की ओर से लुसी हैमिल्टन, किम गार्थ, सोफी मोलिन्यू और एनाबेल सदरलैंड ने 1-1 विकेट हासिल किया।
151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को शुरुआत में ही पहला झटका लगा। लॉरेन बेल ने जॉर्जिया वोल (Georgia Voll) को सिर्फ 9 रन पर आउट कर इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत दिलाई। हालांकि इसके बाद फीबी लिचफील्ड (Phoebe Litchfield) और बेथ मूनी ने मैच की तस्वीर बदल दी। दोनों बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का शानदार मिश्रण दिखाया और बड़ी साझेदारी की और इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
बेथ मूनी ने फाइनल में 49 गेंदों पर 64 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में 10 चौके शामिल रहे। हालांकि जीत से पहले वह आउट हो गईं, लेकिन तब तक ऑस्ट्रेलिया लगभग जीत सुनिश्चित कर चुका था। आखिरकार ऑस्ट्रेलिया ने 17.1 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। साथ ही 7 विकेट से मुकाबला जीतते हुए महिला टी20 विश्व कप 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ कंगारू टीम ने सातवीं बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। साथ ही महिला टी20 क्रिकेट में अपनी बादशाहत एक बार फिर साबित कर दी।
बता दें कि महिला T20 विश्व कप में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली टीम ऑस्ट्रेलिया है।
संबंधित विषय:
Updated on:
06 Jul 2026 08:24 am
Published on:
06 Jul 2026 08:10 am
बड़ी खबरें
View Allखेल
ट्रेंडिंग
