
नेमार जूनियर (Photo - ESPN)
Neymar Retires: ब्राजील के स्टार स्ट्राइकर नेमार जूनियर ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup) के प्री-क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे से मिली करारी हार के बाद नेमार ने भावुक बयान देते हुए कहा कि अब वह ब्राजील की राष्ट्रीय टीम की जर्सी में मैदान पर नहीं उतरेंगे। पिछले एक-दो वर्षों से वो लगातार चोटिल चल रहे थे। नेमार का यह फैसला उनके शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर के अंत का संकेत है।
नॉर्वे से 2-1 की हार के बाद नेमार ने पत्रकारों से भावुक अंदाज में कहा, "मेरी शुरुआत यहीं मेटलाइफ स्टेडियम से हुई थी और अब मैं अपना सफर भी यहीं खत्म कर रहा हूं। मैंने पूरी कोशिश की।" 34 वर्षीय स्टार फुटबॉलर का विश्व कप जीतने का सपना अधूरा रह गया। नॉर्वे के खिलाफ मुकाबले में नेमार ने 90 मिनट के बाद इंजरी टाइम में पेनल्टी के जरिए एक गोल दागा। यह फीफा वर्ल्ड कप 2026 में उनका पहला और आखिरकार आखिरी गोल साबित हुआ।
ब्राजील के क्वार्टर फाइनल से पहले ही टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद अंतिम सीटी बजते ही नेमार मैदान पर ही गिर पड़े और फूट-फूटकर रोने लगे। उनके इस भावुक पल ने संकेत दे दिया कि शायद अब वह ब्राजील की जर्सी में दोबारा मैदान पर नहीं उतरेंगे। नेमार के मैदान पर रोने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नॉर्वे ने न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ब्राजील को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इस जीत के हीरो नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर अर्लिंग हालैंड रहे, जिन्होंने दोनों गोल दागकर अपनी टीम को क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया। हालैंड ने 79वें मिनट में पहला गोल कर नॉर्वे को 1-0 की बढ़त दिलाई। ब्राजील अभी वापसी की कोशिश ही कर रहा था कि 90वें मिनट में हालैंड ने अपना दूसरा गोल दागकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी।
मैच के इंजरी टाइम में नेमार ने पेनल्टी पर गोल कर स्कोर 2-1 जरूर कर दिया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इसके तुरंत बाद रेफरी ने अंतिम सीटी बजा दी और ब्राजील का विश्व कप अभियान समाप्त हो गया। अंतिम सीटी बजते ही नेमार मैदान पर ही गिर पड़े और फूट-फूटकर रोने लगे। यह भावुक दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Updated on:
06 Jul 2026 08:26 am
Published on:
06 Jul 2026 07:23 am
बड़ी खबरें
View Allभारत
ट्रेंडिंग
