क्रिकेट

Asian Games 2026: भारत बनाम पाकिस्तान गोल्ड मेडल मैच देखने नहीं जाएंगे मोहसिन नकवी

India vs Pakistan Gold Medal Match: एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट में भारत बनाम पाकिस्तान के फाइनल गोल्ड मेडल मैच को देखने के लिए मोहसिन नकवी नहीं जाएंगे।
2 min read
• •
Oct 02, 2026
Mohsin Naqvi
मोहसिन नकवी (Photo - IANS)

एशियन गेम्स (Asian Games) 2026 में पुरुष क्रिकेट का फाइनल गोल्ड मेडल मैच (Gold Medal Match) शनिवार, 3 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच खेला जाएगा। यह मैच निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाएगा। भारत के पास जहाँ एक और गोल्ड मेडल जीतने का शानदार मौका है, वहीँ पाकिस्तान को इस टूर्नामेंट में अब तक एक भी गोल्ड मेडल नहीं मिला है और ऐसे में इस मैच को जीतकर वो अपना खाता खोला चाहेगा। हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी बताया जा रहा है। इसी बीच अब एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी (Mohsin Naqvi) से जुड़ी एक खबर सामने आई है।

मैच देखने नहीं जाएंगे नकवी

एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट में भारत बनाम पाकिस्तान के फाइनल गोल्ड मेडल मैच को देखने के लिए नकवी नहीं जाएंगे। नकवी ने इसकी पुष्टि भी कर दी है। जानकारी के अनुसार पहले से तय कामों में व्यस्त रहने के कारण वह यह मैच देखने के लिए नहीं जा पाएंगे। हालांकि उन्होंने गोल्ड मेडल और ब्रॉन्ज़ मैडल के लिए खेलने वाली चारों टीमों को शुभकामनाएं भेजी हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच गोल्ड मेडल मैच से पहले बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच ब्रॉन्ज़ मेडल मैच खेला जाएगा।

क्या हाथ मिलाएंगे खिलाड़ी?

पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद से ही भारतीय खिलाड़ियों ने मैच से पहले और बाद में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाना बंद कर दिया था। ऐसे में शनिवार को खेले जाने वाले गोल्ड मेडल मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के हाथ मिलाने की संभावना न के बराबर है। सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि सभी स्पोर्टिंग इवेंट्स में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने का बहिष्कार किया हुआ है। इतना ही नहीं, पिछले साल भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम और इस साल भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप जीतने के बाद नकवी से भी हाथ नहीं मिलाया था और उनसे ट्रॉफी लेने से भी इनकार कर दिया था। दोनों बार नकवी ट्रॉफी अपने साथ लेकर चले गए थे, जिसकी वजह से उनकी काफी आलोचना भी हुई थी।