
India Royals vs Pakistan Panthers Scorecard: रविवार को एशियन लीजेंड्स लीग के अपने दूसरे मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को धूल चटाकर पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया है। इस मुकाबले में भारत के सुरेश रैना, दिनेश कार्तिक, शिखर धवन, हरभजन सिंह और अंबाती रायडू जैसे दिग्गजों ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना कर दिया था। इसके बावजूद इंडिया रॉयल्स ने 15 गेंदें पहले 2 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान पैंथर्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 167 रन बनाए। इमरान नजीर, तौफीक उमर और इमरान हुसैन ने शानदार बल्लेबाजी की। इमरान नजीर जहां 29 गेंदों में 47 रन बनाकर आउट हुए, वहीं तौफीक उमर और इमरान हुसैन ने 39-39 रनों की पारियां खेलीं।
168 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंडिया रॉयल्स ने 15 गेंद पर 8 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अभिषेक जलोटा ने 30 रन बनाए तो नमन ओझा और असद पठान दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। इसके बाद ऋषि धवन ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और बचा हुआ काम सुबोथ भाटी ने 46 रन खेलकर कर दिया।
इंडिया रॉयल्स की टीम में ऋषि धवन और सुबोथ भाटी के अलावा शाहबाज नदीम, यूसुफ पठान, स्टुअर्ट बिन्नी, ईश्वर पांडे और पवन नेगी जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो भारत के लिए खेल चुके हैं। इससे पहले इंडिया रॉयल्स ने बांग्लादेश टाइगर्स को 19 रन से हरा दिया था। उस मुकाबले में भी भारत ने पहले बल्लेबाजी की थी।
एशियाई लीजेंड्स लीग 2026 में कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें इंडिया रॉयल्स, श्रीलंका लायंस, एशियन स्टार्स, अफगानिस्तान पठान्स, बांग्लादेश टाइगर्स और पाकिस्तान पैंथर्स शामिल हैं। इंडिया रॉयल्स और श्रीलंका लायंस ने अपने शुरुआती दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की है। वहीं, एशियन स्टार्स को एक मैच में जीत मिली है। दूसरी ओर, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान ने अब तक दो-दो मैच खेले हैं और तीनों टीमों को अपनी पहली जीत का इंतजार है।
इंडिया रॉयल्स के अलावा एशियन स्टार्स की टीम में भी कई भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें रॉबिन उथप्पा, सौरभ तिवारी, विपुल शर्मा, पवन सुयाल और अंकित राजपूत जैसे दिग्गज अंतरराष्ट्रीय व घरेलू क्रिकेटर्स जैसे बड़ा नाम हैं।