क्रिकेट

AUS vs BAN: बांग्लादेश से शर्मनाक हार के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बदल दी टीम, 2 साल में 6 ओपनर्स ने तोड़ा भरोसा

AUS vs BAN 2nd Test: बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में हार के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट के लिए 13 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। जेक वेदराल्ड को बाहर कर मैट रेनशॉ को टीम में शामिल किया गया है, जबकि मार्नस लाबुशेन पर भी टीम से बाहर होने का दबाव बढ़ गया है।
2 min read
Aug 18, 2026
AUS vs BAN
ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश (फोटो- IANS)

Australia Squad For 2nd Test vs Bangladesh: डार्विन में बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट में शर्मनाक हार झेलने गंवाने ऑस्ट्रेलिया ने 22 अगस्त से साउथ मैके में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट के लिए टीम में बड़ा बदलाव किया है। मंगलवार को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपनी 13 सदस्यीय टीम का ऐलान किया और पहले टेस्ट में फ्लॉप रहे सलामी बल्लेबाज जेक वेदराल्ड को ड्रॉप कर दिया। हालांकि वेदराल्ड की तरह ट्रेविस हेड भी कुछ खास नहीं कर पाए थे लेकिन उनकी जगह बरकरार है।

मैट रेनशॉ को मिली जगह

जेक वेदराल्ड पहले टेस्ट में फ्लॉप रहे थे। उन्होंने पहली पारी में 23 और दूसरी पारी में 0 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलियाई टीम में वेदराल्ड के रूप में एकमात्र बदलाव हुआ है। उनकी जगह टीम में मैट रेनशॉ को शामिल किया गया है। वह ट्रेविस हेड के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं। रेनशॉ ने 14 टेस्ट मैचों की 24 पारियों में 1 शतक और 3 अर्धशतक की मदद से 645 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 184 है।

2 साल में 7वें ओपनर को मौका

डेविड वॉर्नर के 2024 की शुरुआत में रिटायर होने के बाद से रेनशॉ ऑस्ट्रेलिया के सातवें ओपनर होंगे। ट्रेविस हेड, स्टीव स्मिथ, नाथन मैकस्वीनी, सैम कोंस्टास, मार्नस लाबुशेन और बाद में वेदराल्ड सभी का इस्तेमाल किया गया है।

मार्नस लाबुशेन अपनी जगह बचाने में कामयाब रहे हैं, लेकिन पहले टेस्ट में फ्लॉप रहने के बाद उन पर दबाव है। लाबुशेन डार्विन में 1 और 31 रन बना सके। लाबुशेन अगर प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने में कामयाब रहते हैं, तो उन पर स्कोर करने का बड़ा दबाव होगा। एक और असफलता उन्हें टीम से बाहर कर सकती है।

ऑस्ट्रेलिया पिछला टेस्ट खराब बल्लेबाजी की वजह से हारी थी। बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के अलावा गेंदबाजों को भी अपने प्रदर्शन में सुधार लाना होगा। ऑस्ट्रेलिया अगर दूसरा टेस्ट नहीं जीतती है, तो उसे पहली बार बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज गंवानी पड़ सकती है।

दूसरे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम

ट्रेविस हेड, मैट रेनशॉ, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी, ब्यू वेबस्टर, पैट कमिंस (कप्तान), मिशेल स्टार्क, नाथन लियोन, जोश हेजलवुड, जोश इंग्लिस, स्कॉट बोलैंड।

Updated on:
18 Aug 2026 11:53 am
Published on:
18 Aug 2026 11:53 am