
Babar Azam: लंबे समय से टेस्ट बैटिंग में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट की दूसरी पारी में भी पाकिस्तान के कप्तान सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। 389 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम को बड़ा झटका लगा, जब जोफ्रा आर्चर ने बाबर को अपना शिकार बनाया। इससे पहले पहली पारी में उन्हें मात्र 8 के स्कोर पर जोश टंग ने आउट किया था। इस तरह एक बार फिर वह बल्ले से असर डालने में नाकाम रहे। उनके सस्ते में पवेलियन लौटने के बाद जहां पाकिस्तान की टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं, तो वहीं एक बार फिर पूर्व कप्तान चार साल से अपने माथे पर लगा दाग नहीं धो पाए हैं। वह दिसंबर 2022 से टेस्ट शतक का सूखा झेल रहे हैं।
बता दें कि पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और बैटिंग कोच मोहम्मद यूसुफ ने पहले भी बाबर आजम की टेक्निकल कमियों पर चिंता जताई थी और अब उन्होंने स्टार बैटर के आसपास के कोचों की आलोचना करते हुए कहा है कि वे उनके मुद्दों को सुलझाने में नाकाम रहे है। यूसुफ ने एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, 'कुछ साल पहले मैंने इस बारे में चेतावनी दी थी, लेकिन दुर्भाग्य से बाबर आजम और दूसरे खिलाड़ियों के आस-पास के कुछ तथाकथित कोचों ने उन्हें उन मुद्दों पर काम नहीं करने दिया, जिन्हें आसानी से सुलझाया जा सकता था। उस नाकामी ने पाकिस्तान क्रिकेट को उस गिरावट की ओर धकेल दिया है, जो हम आज देख रहे हैं।
यूसुफ ने कोचिंग सेटअप पर टैलेंटेड खिलाड़ियों के डेवलपमेंट में रुकावट डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ये कोच खेल के लिए जहर हैं। उनमें विजन की कमी है, वे तरक्की रोकते हैं और सबसे टैलेंटेड खिलाड़ियों को भी गुमराह करते हैं। अगर हमारे क्रिकेटर यह नहीं सीखते कि किसकी बात सुननी है, तो उनका करियर उम्मीद से बहुत पहले खत्म हो जाएगा। हमारे खिलाड़ियों की खराब टेक्निक अब बांग्लादेश से लेकर इंग्लैंड तक बुरी तरह सामने आ चुकी है। जिसे सालों पहले ठीक किया जा सकता था, वह अब एक बड़ी कमजीरी बन गई है, जिससे पाकिस्तान क्रिकेट इंटरनेशनल लेवल पर कमजोर और संघर्ष कर रहा है।
बता दें कि बाबर आजम ने 13 अक्टूबर 2016 में पाकिस्तान के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। तब से लेकर अब तक वह पाकिस्तान के लिए 65 टेस्ट मैचों की 120 पारियों में 43.01 के औसत के साथ कुल 4688 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 33 अर्धशतक और 9 शतक आए हैं।