क्रिकेट

टी20 के बाद वनडे में भी पाकिस्तान का बुरा हाल, 10वें नंबर की टीम ने 8 विकेट से रौंदा

Bangladesh vs Pakistan: पहले वनडे में नाहिद राणा की घातक गेंदबाजी के दम पर बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

2 min read
Mar 11, 2026
शाहीन अफरीदी (फोटो- IANS)

BAN vs PAK 1st ODI Highlights: बांग्लादेश ने शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में बुधवार को खेले गए पहले वनडे मैच को 8 विकेट से अपने नाम कर लिया। इसी के साथ मेजबान टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज के बाकी मुकाबले 13 और 15 मार्च को इसी मैदान पर खेले जाएंगे। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम 23 वर्षीय नाहिद राणा की शानदार गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। मेहमान टीम 30.4 ओवर में सिर्फ 114 रन पर सिमट गई।

पाकिस्तान को साहिबजादा फरहान और माज सदाकत की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 10 ओवर में 41 रन जोड़े। साहिबजादा फरहान 38 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद विकेटों का सिलसिला शुरू हो गया।

ये भी पढ़ें

डेरिल मिचेल को गेंद मारना गलत नहीं! जानें गौतम गंभीर क्यों चाहते हैं उनके प्लेयर्स आगे भी ऐसा करें

इसके बाद अगली 8 साझेदारियां दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकीं। हालत यह रही कि पाकिस्तानी टीम 82 रन तक पहुंचते-पहुंचते अपने 9 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से अबरार अहमद ने फहीम अशरफ के साथ आखिरी विकेट के लिए 41 गेंदों में 32 रन जोड़कर टीम को जैसे-तैसे 100 के पार पहुंचाया। पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान (27), माज सदाकत (18), मोहम्मद रिजवान (10) और फहीम अशरफ (37) ही दहाई का आंकड़ा छू सके। बाकी बल्लेबाज फ्लॉप रहे।

बांग्लादेश की तरफ से नाहिद राणा ने 7 ओवर में 24 रन देकर 5 विकेट लिए। उनके अलावा कप्तान मेहदी हसन मिराज ने 3 विकेट झटके। तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान को 1-1 विकेट मिला।

16वें ओवर में जीत गया बांग्लादेश

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने महज 15.1 ओवर में जीत हासिल कर ली। सैफ हसन और तंजीद हसन तमीम ने पहले विकेट के लिए 16 गेंदों में 27 रन जोड़े। सैफ हसन 10 गेंदों में 4 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद नजमुल हसन शांतो ने तंजीद के साथ दूसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 82 रन की साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। शांतो 33 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए।

आखिर में तंजीद हसन तमीम ने लिटन दास के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई। तंजीद 42 गेंदों में 5 छक्के और 7 चौकों की मदद से 27 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि लिटन दास 3 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान की ओर से कप्तान शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद वसीम जूनियर को 1-1 विकेट मिला।

Also Read
View All

अगली खबर