
रियान पराग की हरकत से हेड कोच कुमार संगकारा काफी नाराज़ हैं (photo - EspncricInfo)
Riyan Parag vaping controversy: 2008 की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स इन दिनों लगातार विवादों में घिरी हुई है। कुछ दिन पहले टीम के मैनेजर रोमी भिंडर डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते कैमरे में कैद हुए थे। अब टीम के कप्तान रियान पराग ड्रेसिंग रूम में वेप का इस्तेमाल करते हुए दिखाई दिए। इस घटना पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सख्त रुख अपनाते हुए रियान पराग पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया है और उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है।
फ्रैंचाइजी के लगातार विवादों से टीम के हेड कोच कुमार संगकारा काफी नाराज़ हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हालिया घटनाओं से टीम को कोई फायदा नहीं हो रहा है। संगकारा ने यह भी बताया कि राजस्थान रॉयल्स ने वेपिंग मामले पर गंभीर संज्ञान लिया है। अब सवाल यह उठ रहा है कि फ्रैंचाइजी की तरफ से रियान पराग पर कोई अतिरिक्त कार्रवाई की जाएगी या नहीं।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुमार संगकारा ने कहा, “इस तरह के विवाद टीम के लिए बिल्कुल सकारात्मक नहीं हैं। मैं बस इतना कह सकता हूँ कि बीसीसीआई और फ्रैंचाइजी दोनों ने इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की है। यह सभी खिलाड़ियों के लिए एक याद दिलाने जैसा है कि उन्हें टीम का माहौल सकारात्मक और पेशेवर बनाए रखना चाहिए।”
आईपीएल की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि रियान पराग को आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.21 का उल्लंघन करते पाया गया, जो ‘खेल की भावना के विरुद्ध आचरण’ की श्रेणी में आता है। यह घटना मैच की दूसरी पारी के दौरान ड्रेसिंग रूम के अंदर हुई थी। मैच रेफरी अमित शर्मा द्वारा लगाए गए जुर्माने को रियान पराग ने स्वीकार कर लिया है।
बीसीसीआई ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि टीम, अधिकारियों और खिलाड़ियों पर अनुशासन बनाए रखने के लिए और सख्त कदम उठाने के विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि आईपीएल की प्रतिष्ठा बनी रहे।
Updated on:
01 May 2026 12:32 pm
Published on:
01 May 2026 12:32 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
